नौसड़ से लौटते वक्त हुआ हादसा, जानवर को बचाने के प्रयास में ड्राइवर ने खोया नियंत्रण
गीडा। गीडा थाना पुलिस की सरकारी जीप शनिवार की देर रात गश्त से लौटते समय हादसे का शिकार हो गई। नौसड़ से लौटते वक्त बांसपार गांव के सामने अचानक जीप के आगे नीलगाय कूद गई। चालक ने जानवर को बचाने के प्रयास में नियंत्रण खो दिया और जीप सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से जा भिड़ी। हादसे में जीप का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। प्रभारी निरीक्षक अश्वनी कुमार पांडेय समेत अन्य पुलिस कर्मियों को मामूली चोटें आईं।
शनिवार रात करीब दो बजे प्रभारी निरीक्षक दल-बल के साथ गश्त करके थाने लौट रहे थे। इसी दौरान सामने आई नीलगाय से टकराव से बचने के लिए चालक ने जीप मोड़ दी। लेकिन वाहन सीधे बिजली के पोल से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पोल टूटकर जीप के बोनट पर गिर पड़ा। हादसे में जीप के अंदर बैठे पुलिसकर्मियों को मामूली चोट आईं। घटना की जानकारी तुरंत उच्चाधिकारियों को दी गई। प्रभारी निरीक्षक अश्वनी पांडेय ने बताया कि नीलगाय को बचाने के दौरान हादसा हुआ। हालांकि, सभी लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी को गंभीर चोट नहीं लगी है।