टाटा कंपनी के जांच अधिकारी की तहरीर पर राजघाट पुलिस ने की कार्रवाई
दो दिन पहले गोदाम से 3.43 क्विंटल नकली टाटा नमक हुआ था बरामद
गोरखपुर। राजघाट थाना क्षेत्र में नकली टाटा नमक की धंधेबाजी के मामले में पुलिस ने दो लोगों पर केस दर्ज किया है। टाटा कंपनी के जांच अधिकारी शिवम गुप्ता की तहरीर पर राजघाट पुलिस ने मिर्जापुर निवासी अरविंद कुमार गुप्ता और मिर्जापुर गोड़ियाना निवासी अजय गुप्ता के खिलाफ कॉपीराइट एक्ट और धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया है। पुलिस अब नमक का सैंपल जांच के लिए लैब में भेजेगी।
टाटा कंपनी की तरफ से जांच अधिकारी शिवम गुप्ता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि कुछ लोग टाटा के नाम पर नमक, चायपत्ती और फेवी क्विक का उत्पादन और पैकेजिंग कर बेंच रहे हैं। इससे न केवल कंपनी की छवि खराब हो रही है बल्कि ग्राहकों से धोखाधड़ी भी की जा रही है। 12 सितंबर को पुलिस टीम के साथ एक गोदाम में छापा मारा गया। वहां मिले राजघाट क्षेत्र के अरविंद गुप्ता ने अपनी दुकान का नाम बबलू स्टोर बताया। शिवम ने बताया कि जांच में बिल्डिंग में अरविंद की दुकान के पीछे पैकेजिंग रूम मिला। उस रूम में नकली टाटा नमक के एक किलो के 25 पैकेट की 13 तैयार बोरियां, एक किलो के 19 तैयार पैकेट, टाटा नमक के एक किलो के 386 पैकेट और दो पैकेज सीलिंग मशीनें मिलीं। मौके पर करीब 3.43 क्विंटल नकली टाटा नमक था। बरामद माल में से नमूना रखकर बाकी सील कर दिया गया था।
कई गोदाम से होती थी सप्लाई
पुलिस की पूछताछ में अरविंद गुप्ता ने बताया कि वह टाटा के नाम पर नमक की पैकेजिंग के लिए रैपर मिर्जापुर निवासी अजय गुप्ता से लेता था। आरोपी अरविंद के बताए एक गोदाम पर टीम पहुंची तो वहां टाटा नमक के एक किलो के 11,601 पैकेट, टाटा टी इलायची के 10 ग्राम के 12, टाटा टी प्रीमियम के 71 रैपर एवं फेवी क्विक के 1,739 पैकेट बरामद हुए।
वर्जन
नकली टाटा नमक और चायपत्ती के मामले में दो आरोपियों पर कॉपीराइट एक्ट और धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही जांच के लिए सैंपल लैब भेजे जाएंगे।
- ओंकार दत्त तिवारी, सीओ कोतवाली
बिहार से लाकर बेची जा रही थी नकली चायपत्ती
जुलाई 2025 में बिहार से लाकर गोरखपुर में बेची जा रही ब्रुकबांड ताजा कंपनी की 44 हजार पैकेट नकली चायपत्ती खाद्य सुरक्षा विभाग ने जब्त की थी। कंपनी की ओर से तिवारीपुर थाने में गौरी बाजार के अश्वनी यादव पर केस दर्ज कराया गया था। सूत्रों के मुताबिक नकली चायपत्ती बेचने के मामले में साहबगंज के भी तीन व्यापारियों के नाम सामने आए थे। यहीं पर चायपत्ती रखी जाती थी और सप्लाई होती थी। बिहार से आ रही एक पिकअप को तिवारीपुर पुलिस ने रूटीन जांच में रोका था जिसमें चायपत्ती लदी थी। चायपत्ती किस व्यापारी के गोदाम पर जा रही है, इसकी जानकारी पिकअप चालक को नहीं थी। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम की छानबीन में चायपत्ती नकली होने की आशंका हुई। इसके बाद ब्रुकबांड के एजेंट के जरिये कंपनी के अफसरों को सूचना दी गई थी। खाद्य सुरक्षा विभाग ने सारा माल जब्त कर लिया था।