राजस्थान से आए युवक से लूटपाट का मामला, हाईकोर्ट से नहीं मिली राहत
पुलिस ने कोर्ट में सुनवाई के दौरान रखी धमकी की रिपोर्ट, चार टीमें तलाश में
निलंबित आरोपी अपने घर से हुए फरार, परिजन लगा रहे अधिकारियों के चक्कर
गोरखपुर। गीडा क्षेत्र में राजस्थान के रहने वाले व्यापारी से 90 हजार रुपये लूटने के मामले में निलंबित किए गए दरोगा शुभम श्रीवास्तव समेत पांच पुलिसकर्मियों की मुश्किलें अब और बढ़ गई हैं। हाईकोर्ट ने मंगलवार को गिरफ्तारी पर लगी रोक (स्टे) को हटा दी है। सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तारी से रोक हटने की जानकारी मिलते ही आरोपी पुलिसकर्मी घर से फरार हो गए हैं और उनके परिजन अधिकारियों के चक्कर काट रहे हैं। वहीं, एसपी सिटी अभिनव त्यागी के निर्देशन में चार टीमें बनाकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।
बीते नौ अगस्त को बेलीपार इलाके के पिछौरा के रहने वाले (वर्तमान में राजस्थान में रहते हैं) रविशंकर को कार सवारों ने अगवा कर 90 हजार रुपये लूट लिए थे। मामला संज्ञान में आने के बाद एसएसपी नौसड़ चौकी इंचार्ज शुभम श्रीवास्तव, महिला दरोगा आंचल, सिपाही प्रवीण यादव, राजेश चौधरी और सुभाष यादव को निलंबित करने के साथ ही विभागीय जांच शुरू करा दी थी। इसके बाद सभी आरोपी पुलिसकर्मी हाईकोर्ट चले गए थे और खुद को निर्दोष बताते हुए राहत की गुहार लगाई थी। हाईकोर्ट ने उस समय गिरफ्तारी पर रोक लगाते हुए आरोपी पुलिसकर्मियों को विवेचना में सहयोग के आदेश दिए थे। इसके साथ ही विवेचक को 14 अक्तूबर से पहले केस में मिले साक्ष्य प्रस्तुत करने का आदेश दिया था।
पुलिस ने कोर्ट में एक नई रिपोर्ट दाखिल कर बताया कि आरोपी विवेचना में सहयोग नहीं कर रहे और पीड़ित को केस वापस लेने की धमकी दे रहे हैं। यह भी बताया कि आरोपी पुलिसकर्मियों ने राजघाट थाना क्षेत्र में पीड़ित को धमकाया था, जिसके बाद केस दर्ज किया गया है। पुलिस की ओर से पेश किए गए साक्ष्य और धमकी की रिपोर्ट के आधार पर कोर्ट ने गिरफ्तारी पर लगी रोक हटा ली। अब पुलिस ने सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की प्रक्रिया तेज कर दी है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अब किसी भी क्षण निलंबित पुलिसकर्मियों को हिरासत में लिया जा सकता है।
कोट
पुलिस की ओर से कोर्ट में पक्ष रखा गया जिसके बाद कोर्ट ने गिरफ्तारी पर लगाई रोक हटा ली है। अब हाईकोर्ट के आदेश के बाद सभी निलंबित पुलिसकर्मियों की गिरफ्तारी कभी भी हो सकती है।
- अभिनव त्यागी, एसपी सिटी