सदरपुर कॉलोनी में रहने वाले असलम अहमद कबाड़ी का काम करते हैं। वह अपने परिवार के साथ रहते हैं। उनकी 9 साल की बेटी नाजिया अपने घर की छत पर दो स्लैब के बीच दुपट्टा बांधकर झूला झूल रही थी। उस वक्त उसका पांच साल का छोटा भाई भी साथ में था। बच्ची झूला झूलते-झूलते घूम गई और दुपट्टे का फंदा बन गया। इसके बाद वह बेहोश गई तब छोटे भाई ने चिल्लाना शुरू कर दिया। तब घर के लोग वहां पहुंचे। उसे फंदे से निकालकर अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। बच्ची की मौत मौके पर ही हो गई थी। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची कोतवाली सेक्टर-39 पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस मामले में अब तक पुलिस को घरवालों ने कोई शिकायत नहीं दी है।
परिवार में छाया मातम
इस घटना के बाद से परिवार में मातम पसरा है। परिवार के लोगों को समझ में नहीं आ रहा है कि यह घटना अचानक कैसे हो गई। जबकि कुछ देर पहले ही वह छत पर गई थी और झूला झूल रही थी। पहले भी वह झूला पर झूलती रहती थी। हालांकि परिवार के लोग आसपास होते थे। सोमवार को परिवार का कोई बड़ा सदस्य छत पर नहीं था और हादसा हो गया।
बच्चों को अकेले में झूला न झूलने दें
अगर झूला झूलने के दौरान घर का कोई बड़ा सदस्य होता तब यह घटना होने से बच सकती थी। अगर आपके घर में भी कोई बच्चा हो तो उसे अकेले न छोड़ें। जब यह घटना हुई और आसपास घर का कोई बड़ा होता तब दुपट्ïटे को तुंरत गले से निकाल सकता था। घटना के वक्त उसका एक छोटा पांच साल का भाई भी था लेकिन जब तक बच्चे ने परिजन को जानकारी दी। तब तक बच्ची की जान चली गई।
पहले भी हुई है घटनाएं
इससे पहले भी इस तरह की घटनाएं जनपद में हुई है। तीन साल पहले सलारपुर गांव में भी एक बच्चे की झूला झूलने के दौरान रस्सी से फंदा लग गया था। उसकी भी मौत हो गई थी। ग्रेटर नोएडा के सम्राट मिहिर भोज पार्क में झूला झूलते समय करंट लगने से 12 साल के हर्षित की मौत हो गई थी। नोएडा के सेक्टर-45 के सोम बाजार में लगे मेले में झूले से गिरने से एक महिला की मौत हो गई थी और दो लोग घायल हुए थे। इस हादसे में घायल महिला उषा की गर्दन की हड्डी टूट गई थी।