डंपर से बच्ची के कुचलने के बाद मौके पर जुटे लोग। संवाद
- फोटो : Grnoida
ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट की सरस्वती कुंज सोसाइटी में शुक्रवार शाम चालक ने डंपर को बैक करते समय घर के बाहर खेल रही आठ साल की बच्ची को कुचल दिया। बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद हादसे से गुस्साए लोगों ने ग्रेनो वेस्ट से गाजियाबाद जाने वाले मार्ग पर बच्ची का शव रखकर करीब दो घंटे तक जाम लगाकर हंगामा किया। लोगों ने आरोपी पर कार्रवाई और पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद देने की मांग की। व्यस्त मार्ग पर जाम लगने से वाहन चालकों को भी काफी परेशानी उठानी पड़ी। पुलिस ने किसी तरह लोगाें को समझाकर रास्ता खुलवाया।
पुलिस के अनुसार, सरस्वती कुंज निवासी रामनाथ मूलरूप से नेपाल के रहने वाले हैं और ग्रेनो वेस्ट में ही परचून की दुकान चलाते हैं। शाम को रामनाथ दुकान पर थे। उनकी आठ साल की बेटी अंशिका घर के बाहर गली में अन्य बच्चों के साथ खेल रही थी। इसी दौरान गली में चालक ने डंपर को बैक करते समय बच्ची को कुचल दिया। मासूम की मौत की सूचना मिलते ही परिजन व अन्य लोग एकत्रित हो गए। इसके बाद लोगों ने ग्रेनो वेस्ट से गाजियाबाद मार्ग पर जाम लगा दिया। पुलिस लोगों को समझाने का प्रयास किया तो उन्होंने कहा कि यहां बेरोकटोक दिनभर भारी वाहन प्रवेश करते हैं। इसी लापरवाही व डंपर चालक की गलती से बच्ची की जान गई है। बिसरख पुलिस आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश कर रही है।
विवाह के दस साल बाद हुआ था जन्म
लोगों ने बताया कि रामनाथ के विवाह के दस साल बाद घर जुड़वां बेटी-बेटे ने जन्म लिया था। हादसे से पहले बच्ची मां के साथ दुकान पर गई थी, लेकिन मां किसी काम से दुकान पर रुक गई थी और बच्ची घर लौट गई थी।
दो दिन पहले ही मनाया था जन्मदिन
लोगों ने बताया कि दो दिन पहले ही जुड़वां बच्चों को जन्मदिन ने परिजनों ने मनाया था। हादसे से कुछ समय पहले मां ने अंशिका को दस्ताने और समोसा दिलाया था।