- सेक्टर-3 की नालियां कूड़े, पत्तों और मिट्टी से भरी, बारिश के समय सड़कों पर पानी भरने और आवागमन प्रभावित होने की आशंका
ग्रेटर नोएडा। मानसून की दस्तक से पहले ग्रेनो वेस्ट के सेक्टर-3 में नालियों की सफाई नहीं होने से स्थानीय निवासियों की चिंता बढ़ गई है। सेक्टर की कई नालियां लंबे समय से कूड़े, सूखे पत्तों और मिट्टी से भरी हुई हैं। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते सफाई नहीं कराई गई तो बारिश के समय नालियां जाम हो जाएंगी, जिससे पानी की निकासी बाधित होगी और सड़कों पर जलभराव की स्थिति बन सकती है।
निवासियों ने बताया कि हर साल बारिश में नालियां ओवरफ्लो होने से सड़कों पर गंदा पानी भर जाता है। इससे लोगों को आने-जाने में दिक्कत होती है और वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई स्थानों पर जलभराव के कारण दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है। उन्होंने कहा कि जाम नालियों में जमा गंदगी और ठहरा पानी मच्छरों के पनपने का कारण बन जाता है, जिससे डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है।
- सेक्टर की कई नालियां लंबे समय से साफ नहीं हुई हैं। बारिश शुरू होने से पहले सफाई जरूरी है, नहीं तो पानी सड़कों पर भर जाएगा और लोगों को भारी परेशानी होगी। -
एसके त्यागी
- नालियों में पत्ते और कूड़ा जमा है। इसके कारण नालियां जाम हो रखी है । प्रशासन को इस ओर तुरंत ध्यान देना चाहिए। -
विनय
- अगर समय रहते नालियां साफ नहीं हुईं तो बारिश में जलभराव की समस्या और बढ़ जाएगी। इसका सबसे ज्यादा असर बच्चों और बुजुर्गों पर पड़ेगा। -
तृषा यादव
- बारिश से पहले नालियों की सफाई कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है। समय पर सफाई होने से लोगों को परेशानी से बचाया जा सकता है। -
नीलम यादव