चिल्ला एलिवेटेड रोड का 50 फीसदी काम पूरा, दिसंबर 2027 तक शुरू करने का लक्ष्य
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। दिल्ली के मयूर विहार से महामाया फ्लाईओवर तक बन रहे 5.570 किलोमीटर के चिल्ला एलिवेटेड रोड का निरीक्षण बुधवार को नोएडा विधायक पंकज सिंह ने किया। नोएडा प्राधिकरण व उत्तर प्रदेश सेतु निगम के अधिकारियों के साथ किए गए इस निरीक्षण के दौरान विधायक ने परियोजना की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। प्राधिकरण अधिकारियों ने विधायक को बताया कि 892.75 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस 5.570 किलोमीटर लंबे 6 लेन एलिवेटेड रोड का लगभग 50 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो गया है।
परियोजना को दिसंबर 2027 तक पूरा कर यातायात के लिए खोलने का लक्ष्य रखा गया है। योजना के अनुसार, इस एलिवेटेड रोड को शहादरा ड्रेन के साथ महामाया फ्लाईओवर तक बनाया जाना है। इसके आगे एक और एलिवेटेड रोड बनाने की योजना तैयार की गई है जिससे सेक्टर-94 तक सीधा आवागमन होगा। फिर पुश्ता रोड से दिल्ली के मयूर विहार से नोएडा सेक्टर-150 की ओर जाने वाले ट्रैफिक को जाम से मुक्ति मिलेगी। वाहनों का संचालन निर्बाध गति से हो सकेगा। विधायक ने मौके पर लगाए गए नक्शा बोर्ड पर पर प्रस्तावित और हो चुके काम भी देखें।