ग्रेटर नोएडा (संवाद)। गौतमबुद्ध नगर को इस वर्ष पुरुष और महिला सीनियर वर्ग के मंडलीय तैराकी ट्रायल की मेजबानी भी मिली है। जूनियर वर्ग के बाद अब सीनियर मंडलीय ट्रायल का आयोजन भी ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित ओलंपिया स्विमिंग अकादमी में होगा। जिला खेल अधिकारियों के अनुसार पहली बार जिले को जूनियर और सीनियर दोनों वर्गों के मंडलीय ट्रायल आयोजित करने की जिम्मेदारी मिली है। खेल विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। वाराणसी के क्षेत्रीय स्टेडियम में 10 से 12 जुलाई तक होने वाली प्रदेश स्तरीय सीनियर तैराकी प्रतियोगिता के लिए 6 जुलाई को जिला स्तरीय ट्रायल और 7 जुलाई को मंडलीय ट्रायल आयोजित होंगे।
प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी डॉ. परवेज अली ने बताया कि ट्रायल में बेहतर प्रदर्शन करने वाले तैराक मेरठ मंडल का प्रतिनिधित्व करेंगे। प्रतियोगिता में वर्ष 2012 या उससे पहले जन्मे खिलाड़ी भाग ले सकेंगे और प्रत्येक खिलाड़ी अधिकतम पांच स्पर्धाओं में हिस्सा ले सकेगा। जिला और मंडलीय ट्रायल मलकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम के प्रशिक्षक शीलांकुर केन की निगरानी में कराए जाएंगे। खिलाड़ियों के लिए फ्री स्टाइल, बैक स्ट्रोक, ब्रेस्ट स्ट्रोक, बटरफ्लाई, व्यक्तिगत मेडले तथा विभिन्न रिले स्पर्धाओं में मुकाबले होंगे। उधर, जूनियर वर्ग के जिला स्तरीय ट्रायल सोमवार को ओलंपिया स्विमिंग अकादमी में होंगे। इनमें 15-16 और 17-18 वर्ष आयु वर्ग के तैराक भाग लेंगे। सफल खिलाड़ी मंडलीय ट्रायल के लिए चयनित होंगे।