मायावती के प्रतिमा को प्लास्टिक से ढक दिया गया। अमर उजाला
ग्रेटर नोएडा। जिले में 10 फरवरी को सुबह 7 बजे से मतदान शुरू होगा जो शाम 6 बजे तक चलेगा। इस संबंध में यूपी निर्वाचन आयोग की तरफ से आदेश जारी कर दिया गया है। प्रशासन की तरफ से 14 जनवरी को अधिसूचना जारी होगी। वहीं, प्रशासन ने नामांकन की तैयारी शुरू कर दी है। पूरी प्रक्रिया सीसीटीवी कैमरों और वीडियोग्राफी के बीच पूरी होगी।
अधिकारियों के मुताबिक, इस बार भी मतदान के लिए एक घंटा अतिरिक्त दिया गया है। 14 जनवरी को जिले में अधिसूचना जारी कर दी जाएगी। उसी दिन नामांकन शुरू होगा, जो 21 जनवरी तक चलेगा। कलेक्ट्रेट में ही तीनों विधानसभा सीटों के नामांकन होंगे। बृहस्पतिवार से बैरिकेडिंग शुरू हो जाएगी। तीनों रिटर्निंग अफसर के रूम में सीसीटीवी कैमरे लगेंगे। साथ ही, हर प्रत्याशी के नामांकन की वीडियोग्राफी कराई जाएगी, ताकि बाद में प्रत्याशी किसी भी तरह का आरोप नहीं लगा सकें।
दलित प्रेरणा स्थल में मायावती की प्रतिमा को ढका
आदर्श आचार संहिता के कारण दलित प्रेरणा स्थल में लगी पूर्व मुख्यमंत्री और बसपा सुप्रीमो मायावती की प्रतिमा को पॉलीथिन से ढक दिया गया है। एक दिन पहले ही जिला प्रशासन को प्रतिमा के बारे में जानकारी मिली थी। इस पर एडीएम वित्त एवं राजस्व वंदिता श्रीवास्तव ने प्रतिमा को ढकने का आदेश दिया था। ब्यूरो