पुलिस की गिरफ्त में कार्ड स्कैन कर धोखाधड़ी करने वाले गिरोह के बदमाश।
नोएडा। सेक्टर-58 कोतवाली पुलिस ने डेबिट कार्ड स्कैन और बदलकर धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। चारों की पहचान बस्ती निवासी जयप्रकाश, महाराजगंज निवासी अरमान और मालदह पश्चिम बंगाल निवासी टिटू और पौड़ी गढ़वाल निवासी नीरज के रूप में हुई है। गिरोह का सरगना गोरखपुर निवासी हुसैन और उसका भाई सनी फरार है। शुक्रवार रात पकड़े गए आरोपियों के पास से 42 डेबिट कार्ड, 41 फर्जी आधार कार्ड, 13 मोबाइल फोन, 9 चेकबुक, 4 पासबुक और एक स्कैनर मशीन बरामद हुआ है। अरोपियों ने एनसीआर में भी अपना ठिकाना बना रखा था।
एडीसीपी रणविजय सिंह ने बताया कि शुक्रवार रात सेक्टर-58 पुलिस ने एलआईसी बिल्डिंग सेक्टर-62 के पास से आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गिरोह के कुछ बदमाश डिलीवरी बॉय का काम करते थे। डिलीवरी देते वक्त स्कैनर मशीन के जरिए डेबिट/ क्रेडिट कार्ड और पिन को स्कैन कर लेते थे। बाद में इस डाटा की मदद से खाते से पैसे निकाल लेते थे। इसके अलावा गिरोह के बदमाश जिस एटीएम में पैसे नहीं होते थे, वहां सक्रिय हो जाते थे। पैसे निकालने आने वाले लोगों की मदद करने के बहाने पिन का पता लगाकर डेबिट कार्ड बदल लेते थे। इसके बाद उस कार्ड से पैसे चुरा लेते थे। आरोपियों ने फर्जी आधार बनाकर कई बैंकों में खाते खुलवा रखे थे। जिनमें ठगी का पैसा ट्रांसफर करते थे। पुलिस सभी आरोपियों के खातों व डेबिट कार्ड की पुलिस जांच कर रही है। पुलिस गिरोह के अन्य बदमाशों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।
खाते से एक साल में 36 लाख ट्रांसफर
एडीसीपी ने बताया आरोपी जयप्रकाश का खाता सेक्टर-18 स्थित एक बैंक में है। प्राथमिक छानबीन में पता चला है कि उसमें एक साल में करीब 36 लाख रुपये ट्रांसफर हुए हैं। जांच में पता चला है कि जयप्रकाश ने चार अलग-अलग पतों पर अपना आधार कार्ड बना रखा है।
सरगना ने गोवा में भी बना रखा था घर, वारदात के बाद करता था पार्टी
एडीसीपी ने बताया कि गिरोह का सरगना हुसैन बीकॉम पास हैं। वह कुछ साल तक कॉल सेंटर में काम कर चुका है। गोरखपुर के साथ ही गोवा में भी घर हैं। उसका भाई शनि नोएडा में डिलीवरी बॉय का काम करता था। वह डिलीवरी देते समय पिन चुरा लेता थे, इसके बाद हुसैन उस खाते में सेंध लगाता था। हुसैन वारदात के बाद गोवा चला जाता था। वहां जमकर पार्टी करता था। इंस्टाग्राम पर उसके 4 हजार फॉलोअर हैं। उसके इंस्टाग्राम पर नाइट पार्टी करने के कई वीडियो हैं।
एक डेबिट कार्ड चुराने पर देता था 8 हजार कमीशन
गिरोह का सरगना हुसैन एक डेबिट कार्ड चुराने पर 8 हजार रुपये का कमीशन देता था। कमीशन के लालच में उसके साथी ज्यादा कार्ड चुराने के फिराक में जुटे रहते थे। एडीसीपी ने बताया गिरोह के बदमाश उत्तराखंड में भी धोखाधड़ी करके कार्ड चुरा लेते थे।