नूंह। उपायुक्त पंकज ने मुस्लिम धर्मगुरुओं के साथ रविवार को बैठक की। इस दौरान उन्होंने बताया कि रमजान जो 25 अप्रैल से शुरू होकर 25 मई तक चलेगा इस बारे में जिले के मुस्लिम धर्मगुरुओं से अपील है कि वे लोगों को घरों से ही नमाज अदा करने को कहे। उन्होंने सभी धर्म गुरुओं को आश्वस्त किया कि उन्हें रमजान माह के दौरान 24 घंटे बिजली की सप्लाई सुनिश्चित की जाएगी तथा पानी की सप्लाई भी घर-घर टैंकर के माध्यम से कराई जाएगी।
बड़ा मदरसा नूंह के संचालक मुफ्ती जाहिद हुसैन ने बताया कि सामाजिक दूरी रखकर ही कोरोना से जंग जीती जा सकती है। लिहाजा रमजान के महीने में पांचों वक्त की नमाज के अलावा तराबीह की नमाज लोग घरों में ही पढ़ें, दावत ए इफ्तार भी अपने घरों में ही करें।
आपदा की इस घड़ी में किसी भी त्योहार के लिए सरकार के द्वारा कोई छूट नहीं दी गई है, उन्होंने कहा कि यदि सामाजिक दूरी बनाकर नहीं रखी जाएगी तो कोरोना संक्रमण फैलने के आसार हैं। इस बात की भी अपील लोगों से की जाए कि रोजे के दौरान यदि किसी व्यक्ति का सैंपल लिया जाता है तो उसमें भी किसी प्रकार का भ्रम न करें क्योंकि किसी भी सैंपल से किसी का कोई रोजा नहीं टूटता है। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सिंह बिजारणिया, मौलाना मुफ्ती जाहिद हुसैन, मौलाना तोफिक अहमद, मौलाना करीमी, मौलाना हकीमुद्दीन मौजूद रहे।