नोएडा (संवाद)। डीमैट खाता खुलवाने के नाम पर सेक्टर-34 निवासी व्यक्ति के साथ 1.74 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। पीड़ित ने सेक्टर-24 थाने में मामला दर्ज कराया है। पुलिस को दी शिकायत में पीड़ित जोंस जॉर्ज ने बताया कि 2 मार्च को डीमैट खाता चालू कराने के लिए निजी बैंक के कस्टमर केयर नंबर पर कॉल की थी। इस दौरान रविश कुमार शर्मा नाम के व्यक्ति से बात हुई। उसने जोंस से कहा कि वह उनके डीमैट खाते को दूसरे बैंक के खाते से जोड़ देगा। इसके लिए उसने दूसरे बैंक का खाता नंबर और डेबिट कार्ड की फोटो ले ली। आरोपी ने उनके एफडी खाते को सेविंग खाते में बदल दिया। साथ ही बैंक खाते से 1.74 लाख रुपये निकाल लिए। पीड़ित के मोबाइल पर मैसेज आने पर वारदात का पता चला। इसके बाद पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी रविश के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साइबर सेल भी मामले की जांच कर रही है।
नोएडा। सेक्टर-11 निवासी एक महिला के खाते में से ठगों ने 30 हजार रुपये निकाल लिये। उन्होंने महिला के अंगूठे का निशान लेकर उसका क्लोन बनाकर घटना को अंजाम दिया। पीड़ित महिला ने सेक्टर-24 थाने में आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस को दी शिकायत में पीड़ित महिला के पति राजेश सिन्हा ने बताया कि उनकी पत्नी का अकाउंट बैंक ग्राहक सेवा केंद्र के माध्यम से खोला गया था। एक से तीन मार्च के बीच ठगों ने उनकी पत्नी के अंगूठे के निशान का क्लोन तैयार करके ग्राहक सेवा केंद्र के माध्यम 30 हजार रुपये निकाल लिये। आरोपियों ने तीन बारी में खाते से पैसा निकाला। जब वह केंद्र पर पहुंची तो ठगी का पता चला। इसके बाद पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। नोएडा में इस तरह का पहला मामला सामने आया है। इसको लेकर पुलिस गंभीरता से मामले का खुलासे के प्रयास में जुटी हुई है।