कंपनी के जीएसटी पोर्टल की आईडी पासवर्ड हैक कर 1.80 करोड़ का नुकसान
- आरोपी कंपनी का है कर्मचारी, 10 करोड़ का फर्जी इनवॉयस बनाने का आरोप
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। घरों के लिए साज सज्जा का सामान बनाने वाली कंपनी के जीएसटी पोर्टल की आईडी पासवर्ड हैक कर 1.80 करोड़ रुपये के जीएसटी नुकसान पहुंचाने का मामला सामने आया है। फर्जीवाड़ा करने का आरोप कंपनी के एक कर्मचारी पर लगा है। आरोप है कि कंपनी कर्मचारी ने फर्जीवाड़ा कर 10 करोड़ रुपये का इनवॉयस बनाकर ठगी को अंजाम दिया। इस मामले में कंपनी की मालकिन की शिकायत पर साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
सेक्टर-128 स्थित जेपी विशटाउन में रहने वाली मेघा वाष्र्णेय कासना औद्योगिक क्षेत्र में गृह साज सज्जा का सामान बनाने वाली कंपनी चलाती हैं। मेघा ने पुलिस से शिकायत की है कि उनकी कंपनी में ग्रेटर नोएडा वेस्ट निवासी अभिनव त्यागी पिछले चार पांच वर्षों से अकाउंटेंट के रूप में काम करता था। इस कारण उसे कंपनी के अकाउंट से लेकर जीएसटी पोर्टल की पूरी जानकारी थी। मेघा ने पिछले दिनों सीए से जब कंपनी की वार्षिक ऑडिट कराया तब पता चला कि दिसंबर 2024 से मार्च 2025 तक अभिनव त्यागी ने कंपनी के जीएसटी पोर्टल के माध्यम से धोखाधड़ी की है।
आरोप है कि अभिनव ने कंपनी के जीएसटी पोर्टल की आईडी व पासवर्ड हैक कर कूटरचित दस्तावेज के माध्यम से 10 करोड़ रुपये का फर्जी इनवॉयस बना लिया। इनमें कई कंपनियों के नाम पर बिल व दस्तावेज तैयार किए गए हैं। इन फर्जी कूटरचित व फर्जी बिल के आधार पर उसने जीएसटी पोर्टल पर जीएसटी के लिए आवेदन किया। जबकि कंपनी के खाते में इस तरह की कोई धनराशि नहीं आई। जब कंपनी की तरफ से जीएसटी की आईडी व पासवर्ड को री सेट कराकर शुरू कराया गया तब पता चला कि आरोपी अभिनव ने 1.80 करोड़ के जीएसटी का नुकसान कराया। इससे जीएसटी विभाग को भी नुकसान पहुंचा है। इस फर्जीवाड़े की जानकारी होने के बाद जब कंपनी मालकिन ने अभिनव त्यागी से संपर्क किया तब उसने फोन पर अभद्र व्यवहार किया और जान से मारने की धमकी दी। एडीसीपी साइबर शैव्या गोयल का कहना है कि इस मामले में साइबर थाने में मुकदमा पंजीकृत किया गया है।