नौ फरवरी को लिफ्ट लेकर कार चालक को बंधक बनाकर डेबिट कार्ड से निकाले थे रुपये
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। बिसरख कोतवाली पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान हापुड़ के समीर के रूप में हुई है। कांबिंग में गिरफ्तार आरोपी की पहचान गाजियाबाद के फहीम, मेरठ के इस्माइल व वाहिद के रूप में हुई है। आरोपियों से अवैध हथियार और घटना में प्रयुक्त कार बरामद हुई हैं। आरोपियों ने कार सवार को बंधक बनाकर डेबिट कार्ड से पैसे निकले थे।
पैरामाउंट गोल्फ फोरेस्ट सोसाइटी तिलपता के कवि ने केस दर्ज कराया था कि नौ फरवरी को उनके भाई रवि कुमार कार से चाचा के घर तिगरी से जब जा रहे थे तो 130 मीटर रोड पर चौकी चेरी काउंटी के पास साया साउथ सोसायटी के सामने सड़क के किनारे कार खड़ी करके लघुशंका करने लगे। तभी स्विफ्ट डिजायर कार आकर रुकी। उसमें से तीन लड़के उतरकर आए और रवि लिफ्ट मांगी। पीड़ित ने तीनों को कार में बैठा लिया। इसके बाद आरोपियों ने डरा-धमका कर कार के डेस्क बोर्ड पर रखा डेबिट कार्ड ले लिया और पिन नंबर भी पूछ लिया। उसके बाद डेबिट कार्ड से तीन बार में 30 हजार रुपये निकाल लिए। पैसा निकालने के बाद आरोपी कुछ दूर जाकर कार से उतर गए।
सोमवार को पुलिस रोजा गोलचक्कर के पास चेकिंग कर रही थी। सामने से आई सफेद रंग की कार को रुकने का इशारा किया तो चालक स्पीड बढ़ाकर रोजा याकूबपुर मार्ग की तरफ भागने लगे। शक होने पर पुलिस ने पीछा किया। इस पर आरोपियों ने पुलिस की टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में समीर पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने तीनों को दबोच लिया।
तीन जिले में दर्ज हैं केस
गिरोह के सदस्यों के खिलाफ हापुड़, गौतमबुद्धनगर, अलीगढ़ में हत्या, लूट, चोरी, गैंगस्टर एक्ट में मुकदमे दर्ज हैं। आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी की जा रही है। गिरोह 11 साल से सक्रिय है। वे पहले भी जेल जा चुके हैं।
-
समीर के खिलाफ पहले से ही 10 केस दर्ज हैं। आरोपी हापुड़ के सिंभावली का हिस्ट्रीशीटर है। घायल के अन्य साथी फहीम, इस्माइल, वाहिद मौके से फरार हो गए थे, जिन्हें कांबिंग के दौरान गिरफ्तार किया गया।
-शक्ति मोहन अवस्थी, डीसीपी सेंट्रल, नोएडा जोन