बंदर के बच्चे को वापस देने की गुहार लगाता परिवार
- फोटो : अमर उजाला
ग्रेटर नोएडा में एक गोरक्षक और पशु प्रेमी संस्था की सूचना पर रविवार देर शाम वन विभाग की टीम ने एक परिवार से बंदर के छोटे बच्चे को मुक्त करा दिया। वन विभाग की टीम के मौके पर पहुंचने पर परिवार का बच्चा बंदर को नहीं देने की जिद पर अड़ गया।
वन विभाग की टीम ने नियमों का हवाला देते हुए बच्चे को समझाकर बंदर को मुक्त कराया। मामले में वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के अंतर्गत केस दर्ज किया है। वहीं घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। वह बंदर के बच्चे को परिवार का सदस्य बताकर वापस दिलाने की मांग कर रहे हैं।
उनका कहना है कि उन्होंने बंदर के बच्चे को एक मदारी से तीन हजार रुपये में खरीदा था। वन दरोगा रामअवतार चौधरी ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि अल्फा-2 सेक्टर में झोपड़ी में रहने वाले एक परिवार ने बंदर के दो छोटे बच्चों को बंधक बनाया हुआ है। यह वन्य जीव संरक्षण अधिनियम का उल्लंघन है।
रविवार देर शाम मौके पर पहुंचकर बंदर के बच्चे को मुक्त करा दिया। लेकिन दूसरा बंदर मौके पर नहीं मिला। परिवार का कहना था कि एक मदारी बंदर के बच्चे से मारपीट कर रहा था। इसके चलते उन्होंने तीन हजार रुपये देकर बच्चे को खरीद लिया था।