बिसरख कोतवाली में पुलिस हिरासत में अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के सदस्य।
- फोटो : Grnoida
ग्रेटर नोएडा। क्राइम ब्रांच व बिसरख कोतवाली पुलिस ने दिल्ली एनसीआर से वाहन चोरी कर बिहार व राजस्थान में बेचने वाले गिरोह के पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की 4 कारें बरामद हुई हैं। आरोपी रेकी कर तड़के वाहन चोरी करते थे। पुलिस आयुक्त आलोक सिंह ने पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है। आरोपियों में एक के पुलिसकर्मी का बेटा होने की जानकारी भी पुलिस को मिली है लेकिन पुलिस इसकी पुष्टि का प्रयास कर रही है।
एडिशनल डीसीपी इलामारन ने बताया कि वाहन चोरों के संबंध में क्राइम ब्रांच व बिसरख कोतवाली पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान मैनपुरी के संदीप नागर, मोहम्मद अनवर, इटावा के विकास उर्फ अमित, आशीष यादव व सुबोध के रूप में हुई है। सभी आरोपी ग्रेेनो वेस्ट में किराए के फ्लैट में रह रहे थे। आरोपियों के कब्जे से कार चोरी में इस्तेमाल किए जाने वाला तीन पैड लाक सेट, ड्रिल मशीन, प्लास, हथौड़ी, पेचकस, कटर, छैनी व 25 गाड़ियों की चाबी बरामद हुई है।
आरोपी संदीप रेकी करता, मोहम्मद अनवर व सुबोध लॉक तोड़ते और आशीष-अमित चोरी की कारों का सौदा कराते थे। आरोपी पहले कार के दरवाजे का लॉक पेचकस से तोड़ देते थे और फिर बोनट खोलकर प्लग को इंजन से जोड़ देते थे। इनमें एक आरोपी कार की ड्राइवर सीट पर बैठ कर गाड़ी डुब्लीकेट चाबी से स्टार्ट करता और फरार हो जाते थे।