ग्रेटर नोएडा। कासना थाना पुलिस ने चालकों को नशीला पेय पिलाकर ट्रैक्टर-ट्राली लूटने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के पांच बदमाशों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दो ट्रैक्टर, एक ट्रॉली, मोबाइल फोन और हथियार बरामद किए हैं। आरोपियों ने गौतमबुद्घ नगर, कानपुर और औरेया में वारदात की थी। पकड़े गए आरोपियों की पहचान औरेया निवासी शेर सिंह, मेहताब, मोनू और कानपुर देहात निवासी कन्हैया व मथुरा निवासी हरिशंकर के रूप में हुई है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य बदमाशों की तलाश में जुट गई है।
कासना थाना पुलिस के मुताबिक इसी 7 जुलाई को सन्नी नाम के चालक को आरोपियों ने सामान ले जाने के बहाने बुलाया था। बदमाश रास्ते में नशीला पेय पिलाकर ट्रैक्टर-ट्राली लेकर फरार हो गए थे। आरोपी चालक के बेहोश होने पर उसे सुनसान स्थान पर छोड़ देते थे। अगर कोई रास्ते में पूछता तो चालक के अधिक शराब पीने का हवाला देते थे। मामले में पुलिस केस दर्ज कर आरोपियों को तलाश रही थी। अब पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात का खुलासा किया है।
कासना थाना प्रभारी के मुताबिक, आरोपी ट्रैक्टर-ट्राली पर लिखे नंबर या फिर रास्ते से गुजरने के दौरान चालक का मोबाइल नंबर पूछ लेते थे। इसके कुछ दिन बाद आरोपी खुद को पुलिसकर्मी बताकर चालक को कॉल करते थे। ट्रांसफर होने का हवाला देकर सामान दूसरी जगह ले जाने की बात कहकर चालक को बुलाते थे। रास्ते में किसी बहाने कोल्ड ड्रिंक आदि पीने के लिए रुकते थे। उसमें नशीला पदार्थ मिलाकर चालक को पिला देते थे। चालक के बेहोश हो जाने पर ट्रैक्टर-ट्राली लेकर फरार हो जाते थे।