रॉबर्ट्सगंज में अन्नकूट पूजन करती महिलाएं। संवाद
सोनभद्र। भाई-बहन के बीच अटूट प्रेम का पर्व भैया दूज बृहस्पतिवार को मनाया गया। बहनों ने व्रत रखकर विधि विधान से अन्नकूट पूजन कर भाई के लंबी उम्र की कामना की। नगर व ग्रामीण इलाकों में जगह-जगह बहनें एकत्रित होकर विधि विधान से भैया दूज का पूजन करते हुए देखी गई। इसके बाद शुभ मुहूर्त में भाई का मुंह मीठा कराकर आशीर्वाद लिया।
जिला मुख्यालय के रॉबर्ट्सगंज में रोडवेज बस स्टैंड के समीप 15-20 की संख्या में युवती एवं महिलाएं एकत्रित होकर अन्नकूट पूजन किया। इसी तरह हाइडिल स्थित कांशीराम आवास, रेलवे क्राॅसिंग के समीप एकत्रित होकर बहनों ने अपने भाई के दीर्घायु की कामना के साथ पूजन किया। नगर स्थित रामसरोवर तालाब, बाईपास रोड और अन्य स्थलों पर भी सामूहिक पूजन हुआ।
इस दौरान भाइयों के लंबी आयु और सुखद जीवन के लिए बहनें प्रार्थना की। पूजन के अंत में आरती करते हुए प्रसाद वितरित किया गया। रॉबर्ट्सगंज ब्लॉक के बरकरा गांव में भैया दूज पर एकत्रित होकर बहनें पूजन की और अपने भाई की लंबी उम्र की कामना की। व्रत रहकर बहनों ने गोधन कूटे। भाइयों को भला-बुरा कहने के बाद अपनी जीभ पर कांटे चुभोकर पश्चाताप भी किया। बहनों ने निर्जला व्रत रखकर भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनका मुंह मीठा कराया। इसके बाद बहनों ने पारण किया। संवाद