नोएडा। कोतवाली फेज-3 पुलिस ने युवक की हत्या के मामले में 25-25 हजार इनामी तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। इसके बाद गिरफ्तार दो आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस की टीम जब तमंचा बरामद करने गई तब बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। इस दौरान हुई मुठभेड़ में पैर में गोली लगने से दोनों बदमाश घायल हो गए। शुक्रवार तड़के हुई इस घटना के बाद दोनों घायल आरोपियों अमनदीप और निक्की को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
नोएडा सेंट्रल जोन के एडीसीपी अंकुर अग्रवाल ने बताया कि शनिवार को सेक्टर-65 बहलोलपुर में अजय सिंह उर्फ राहुल नाम के युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उस समय राहुल बाइक से घर लौट रहा था। इस मामले में मृतक के परिजनों की शिकायत पर तीन आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी। पुलिस ने इस मामले में शुक्रवार तड़के सेक्टर-63 स्थित एसजेएम कट के पास से आरोपी अमनदीप, गुलशन और निक्की उर्फ निखिल को गिरफ्तार कर लिया। थाने में पूछताछ के दौरान अमनदीप और निक्की ने पुलिस को बताया कि हत्या में प्रयुक्त तमंचा पृथला पुस्ता के पास झाड़ियों में छिपाकर रखा है। इस पर पुलिस की टीम अमनदीप और निक्की को साथ लेकर तमंचा बरामद करने मौके पर पहुंची। वहां झाड़ियों में पहले से लोडेड तमंचा रखा था। निक्की और अमन ने वहां पहुंचते ही पुलिस टीम पर तमंचे से फायर कर दिया और भागने लगे। बाल-बाल बचे पुलिसकर्मियों ने जवाबी कार्रवाई की जिसमें दोनों बदमाश घायल हो गए। पुलिस ने दोनों आरोपियों से दो तमंचे, दो कारतूस और दो खोखे बरामद किए हैं। कोतवाली फेज-3 के प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र दीखित ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी अमनदीप लूट के मामले में कोतवाली फेज-3 से 2017 में जेल जा चुका है। आरोपियों के विस्तृत आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।