तमंचे से फायरिंग का वीडियो इंस्टाग्राम पर अपलोड करना तीन युवकों पर भारी पड़ा। पुलिस ने तीनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार किया है। न्यायालय के आदेश पर आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। आरोपियों से दो देसी तमंचे बरामद किए गए हैं।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र खोलिया ने बताया कि रायवाला कोतवाली के छिद्दरवाला क्षेत्र का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इस वीडियो में कुछ युवक तमंचे लहराते हुए और हवा में फायर करते हुए दिखाई दे रहे हैं।
जांच में स्पष्ट हुआ कि वीडियो छिद्दरवाला फ्लाईओवर के समीप का है। वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों की जानकारी जुटाने के लिए पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस ने इस मामले में तीन युवकों को गिरफ्तार किया, जिनके पास से दो देसी तमंचे बरामद किए गए।
आरोपियों की पहचान दीपक निवासी छिद्दरवाला रायवाला, देहरादून, भूपेंद्र उर्फ भूरे निवासी रावली थाना मंडावली जिला बिजनौर उत्तर प्रदेश हाल निवासी रामू के पकौड़े वाली दुकान छिद्दरवाला और दीपांशु कुमार निवासी गन्ना सेंटर छिद्दरवाला थाना रायवाला देहरादून के रूप में हुई है। तीनों आरोपियों के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी दीपक ने बताया कि वह तमंचे सहारनपुर से खरीद कर लाया था। छिद्दरवाला फ्लाइओवर के नीचे फायर करते हुए वीडियो बनाया था, जिसे इंस्टाग्राम पर अपलोड किया गया। दीपक ने बताया कि उसने एक तमंचा अपने चचेरे भाई दीपांशु को दिया और एक तमंचा छिद्दरवाला स्थित रामू के पकौड़े की दुकान में काम करने वाले युवक भूपेंद्र को बेच दिया था।
आरोपी दीपांशु ने पुलिस को बताया कि अपने साथियों पर रौब जमाने के लिए तमंचे से फायरिंग करते हुए वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड करते थे।