बिजली घर के पास खड़ी थी कार, कोई जनहानि नहीं
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट की ला रेजिडेंशिया सोसाइटी में शुक्रवार रात करीब साढ़े 10 बजे खड़ी स्कॉर्पियो में आग लग गई। इससे हड़कंप मच गया। गाड़ी सोसाइटी में बिजली घर (पावर स्टेशन) के पास पार्किंग एरिया के पास खड़ी थी। निवासियों की सूचना पर बिसरख कोतवाली पुलिस के साथ ईकोटेक-3 फायर स्टेशन से दमकल गाड़ी पहुंची। करीब 20 मिनट में आग पर काबू पा लिया गया।
इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। स्कॉर्पियों के बगल में खड़ी दूसरी कार को हटाया गया। गनीमत रही कि आग की वजह से बिजली घर का ट्रांसफॉर्मर चपेट में नहीं आया। सोसाइटी के पूर्व अध्यक्ष सचिन शर्मा का कहना है कि आग लगने का सही कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। प्राथमिक रूप से शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। मालिक कुछ देर पहले ही कार को खड़ा कर फ्लैट में गया था। लोगों से अपील की है कि सुरक्षा के मद्देनजर किसी भी वाहन को पावर स्टेशन, ट्रांसफार्मर, एचटी रूम और डीजी सेट के नजदीक पार्क न करें।