घटना की सूचना मिलते ही फायर सर्विस यूनिट और बिसरख कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। दमकल की दो गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गनीमत यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
निवासियों के अनुसार एटीएम में अचानक धुआं उठने लगा और चिंगारियां दिखीं। कुछ ही देर में एटीएम मशीन से लपटें निकलने लगीं। जिससे वहां मौजूद लोग घबराकर बाहर भागे। आग इतनी तेज थी कि तुरंत पास की किराना और दो अन्य दुकानों तक फैल गई। दुकानदार और स्थानीय लोग पहले तो खुद आग बुझाने की कोशिश करते रहे, लेकिन बढ़ती लपटों के कारण उन्हें पीछे हटना पड़ा।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने तुरंत पंपिंग शुरू की और सोसाइटी में लगे अग्निशमन यंत्रों की मदद भी ली। लगभग एक घंटे की मेहनत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। दुकान मालिकों का कहना है कि लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। वहीं पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में एटीएम में शॉर्ट सर्किट आग लगने की वजह सामने आई है।