नोएडा। सेक्टर-137 स्थित पैरामाउंट फ्लोरेंस सोसाइटी स्थित एक फ्लैट में रविवार सुबह आग लग गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची अग्निशमन विभाग और पुलिस टीम की मदद से परिवार को सुरक्षित निकाला गया। हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ है। आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है।
अग्निशमन विभाग के मुताबिक, सोसाइटी के टावर नंबर-16 की 7वीं मंजिल स्थित फ्लैट में मनोज पत्नी और दो बच्चियों के साथ किराये पर रहते हैं। रविवार सुबह करीब 7:30 बजे फ्लैट में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग पूरे फ्लैट में फैल गई। इस पर मनोज पत्नी, बेटी तनिरूका (6) और एक बेटी कास्वी को लेकर बालकनी में आ गए। इसके बाद सोसाइटी के लोगों ने आग लगने की सूचना अग्निशमन विभाग और कोतवाली पुलिस को दी। मौके पर पहुंची अग्निशमन विभाग की टीम ने करीब 40 मिनट के मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और चारों को सुरक्षित निकाला। अग्निशमन अधिकारी योगेंद्र चौरसिया ने बताया कि 40 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इसमें कोई भी हताहत नहीं हुुआ है। बाहर निकलकर मनोज ने सोसाइटी के लोगों, गार्डों और अग्निशमन विभाग का शुक्रिया अदा किया। वहीं, निवासियों ने अग्निशमन विभाग के फायर स्टेशन के चालक राजपाल सिंह, कुलदीप सिंह, रामेश्वर सिंह, धर्मेंद्र सिंह, अश्वनी और रोहित आदि की प्रशंसा की। सोसाइटी के मेंटेनेंस टीम के उपेंद्र यादव, श्याम नारायण पांडेय, राहुल और दिनेश समेत अन्य लोगों ने भी बेहतर काम किया।