तीन माह में 34 मिलावटखोरों पर लगा 32.5 लाख का जुर्माना
-खाद्य अधिनियम का उल्लंघन करने वालों में रिलायंस मीडिया वर्क से लेकर कई नामी प्रतिष्ठान शामिल
ग्रेटर नोएडा। अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) की कोर्ट ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम का उल्लंघन करने वाले 34 संस्थानों पर 32.5 लाख का जुर्माना लगाया है। किसी प्रतिष्ठान के दूध में फैट कम मिला है तो किसी ने मलाई पनीर में मिलावट की थी। एक अप्रैल से 30 जून तक मिले ऐसे मिलावटखोरों पर कार्रवाई की गई है। इसमें गाजियाबाद, दिल्ली, फिरोजाबाद के साथ कई जिलोें के मिलावटखोर शामिल हैं। रिलायंस मीडिया वर्क से लेकर कई नामी प्रतिष्ठान भी शामिल हैं।
नोएडा के सेक्टर-57 में श्रीधर गोयल के प्रतिष्ठान से बेसन का नमूना लिया गया था। उसमें मिलावट मिलने पर 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। नोएडा के विनय यादव के यहां का छैना मिस ब्रांड मिलने पर 10 हजार का जुर्माना लगाया है। गाजियाबाद निवासी आइस अली पर 30 हजार, गाजियाबाद के मिथिलेश कुमार पर 4.35 लाख, सेक्टर-66 के धर्मेश गुलाटी पर 2.6 लाख , रिलायंस मीडिया पर 4.60 लाख, ग्रेनो के सेक्टर अल्फा-2 के सतीश गर्ग पर 2 लाख, जेवर के प्रवीण अग्रवाल पर 2.10 लाख सहित अन्य प्रतिष्ठानों पर लाखों रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
इन पदार्थों में मिली मिलावट
एक अप्रैल से लेकर 30 जून तक हुई सुनवाई में बेसन, मलाई पनीर, कूट्टू के आटे, पनीर, लड्डु मखाना, दूध, छैना रसगुल्ला, हल्ली पाउडर, मिल्क केक, आइक्रीम सहित कई पदार्थों में मिलावट मिली। सभी पर कोर्ट ने कार्रवाई करते हुई भविष्य के लिए चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही पैकिंग मानकों के अनुसार नहीं होने पर भी कार्रवाई की गई है।
बिना रजिस्ट्रेशन चलते मिले आठ प्रतिष्ठान
खाद्य सुरक्षा विभाग की गई छापेमारी में आठ प्रतिष्ठान बिना रजिस्ट्रेशन चलते मिले। सभी प्रतिष्ठान पर वाद दायर किया गया। अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) की कोर्ट ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम का उल्लंघन करने वाले ग्रेनो वेस्ट में स्थित जुवेलेन्ट फूल वर्क प्राइवेट लिमिटेड पर 60 हजार, सेक्टर-126 के निसार पर एक लाख, दादरी के नईम पर एक लाख, सेक्टर-37 नोएडा के सरफराज पर 1.10 लाख, सेक्टर-62 के फिरोज खान पर एक लाख और इटावा के कमलेश झुकाणी पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया है।
पहले क्वार्टर में 34 मिलावटखोरों पर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) की कोर्ट ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम का उल्लंघन करने वाले 32.5 लाख का जुर्माना लगाया है। विभाग की ओर से लगातार कार्रवाई की जा रही है। रक्षाबंधन पर लिए गए नमूनों की रिपोर्ट आने वाली है। रिपोर्ट आने के बाद गड़बड़ी करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। - सर्वेश मिश्र,सहायक आयुक्त द्वितीय