ग्रेटर नोएडा। जिले में पिछले चुनावों के मुकाबले इस बार कुल मतदान प्रतिशत कम रहा है, लेकिन जेवर सीट के मतदान प्रतिशत में इस बार भी बढ़ोतरी हुई है। दादरी में प्रतिशत घटा है। वहीं, नोएडा के लोग एक बार फिर मतदान प्रतिशत का अर्द्धशतक नहीं लगा सके।
जेवर, नोएडा और दादरी में 10 फरवरी को मतदान हुआ था। भारत निर्वाचन आयोग की तरफ से जिले में कुल 57.07 प्रतिशत मतदान का आंकड़ा जारी किया गया था, लेकिन सभी प्रक्रिया पूरी करने के बाद नया आंकड़ा तैयार हुआ। जिले में कुल 55.83 प्रतिशत मतदान हुआ, जो वर्ष 2017 के 56.80 प्रतिशत से करीब एक प्रतिशत कम है। ऐसे में जिला प्रशासन का 90 प्रतिशत मतदान कराने का लक्ष्य पूरा नहीं हो पाया।
हालांकि, जिले में जेवर विधानसभा सीट का मतदान प्रतिशत कम नहीं हुआ है। वर्ष 2012, 2017 और 2022 में यहां प्रतिशत लगातार बढ़ा है। वर्ष 2012 में जेवर में 62.06, वर्ष 2017 में 65.53 और वर्ष 2022 में 65.98 प्रतिशत मतदान हुआ। वहीं, नोएडा के मतदाताओं की बेरुखी इस बार भी देखने को मिली। इससे लगातार तीसरी बार नोएडा का मतदान प्रतिशत 50 से ऊपर नहीं जा सका है। वर्ष 2012 में नोएडा में 48.95 और वर्ष 2017 में 48.55 प्रतिशत मतदान हुआ था।
मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का असर कम
जिला प्रशासन ने आयोग के आदेश पर मतदाताओं को जागरूक करने का अभियान चलाया था, लेकिन इसका असर कम ही दिखा। लोगों का कहना है कि केवल कागजों में यह अभियान चलाया गया। अगर प्रशासन की टीम मतदाताओं के बीच जाकर जागरूकता अभियान चलाता तो असरदार साबित होता।