नई दिल्ली। पीसीआर में तैनात महिला सिपाही अनीता ड्यूटी समाप्त कर घर के लिए निकली थी। कैब बुक करने के लिए जैसे ही फोन निकाला, अचानक बाइक सवार युवती और दो लड़कों ने मोबाइल झपट लिया। अनीता बाइक सवारों पर टूट पड़ी। अनीता ने बाइक के पीछे बैठी लड़की की शॉल पकड़कर खींच ली। बाइक का संतुलन बिगड़ने से तीनों गिर गए। हालांकि एक आरोपी फरार हो गया। अनीता ने इस बीच झपटमार युवती और उसके साथी को दबोच लिया। मामले की सूचना पुलिस को दी।
शालीमार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को हिरासत में लिया। युवती की पहचान नेपाल निवासी सपना थापा (19) के रूप में हुई है। जबकि पकड़ा गया लड़का नाबालिग हैं। आरोपियों की बाइक भी बरामद हो गई है। शालीमार बाग थाना पुलिस तीसरे आरोपी की तलाश कर रही है।
डीपीसी पंकज कुमार ने बताया कि मूलरूप से राजस्थान के दौसा निवासी अनीता हैदरपुर में किराये के मकान में रहती है। वह शालीमार बाग स्थित सीपीसीआर के दफ्तर में तैनात है। मंगलवार रात करीब 10:44 बजे वह ड्यूटी समाप्त कर घर जाने के लिए निकली थी। मोबाइल पर कैब बुक करने वक्त बाइक सवार युवती समेत तीन लोगों ने उसके हाथ से मोबाइल फोन झपट लिया।
जांच में पता चला कि बाइक किशोर की है। सपना और किशोर दोस्त हैं। सपना को नशा करने की लत है, इसकी वजह से वह मोबाइल झपटने की वारदात करती थी। उसके खिलाफ केशवपुरम थाने में पहले से झपटमारी का मामला दर्ज है। पुलिस ने बुधवार को सपना को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।