गांव बादली में स्कूल के सामने झुका बिजली का खंबा
- फोटो : Mewat
पिनगवां। पुन्हाना उपमंडल के गांव बादली में सरकारी स्कूल के मुख्य गेट के सामने झुके हुए बिजली के खंभे लगे हैं। स्कूल में प्रतिदिन सैकड़ों बच्चे पढ़ने आते हैं। इस कारण ग्रामीणों में खंभे गिरने का भय बना रहता है। लोगों का कहना है कि अगर कोई हादसा होता है तो इसके लिए बिजली विभाग ही जिम्मेदार होगा। वहीं, कई बार शिकायतों के बावजूद इस तरफ बिजली विभाग के अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं, जिससे लोगों में रोष भी है।
गांव बादली निवासी पूर्व मैनेजर सहूद खान, बरकत अली, रिसाल खान ने बताया कि मामलीका-टूंडलाका मार्ग पर उनके गांव का सरकारी स्कूल है। इस सड़क से सैकड़ों वाहन और छात्र गुजरते हैं। स्कूल के साथ-साथ सड़क पर बिजली की 11 हजार केवी की लाइन गुजर रही है। यह लाइन काफी जर्जर हो चुकी है। एक बिजली का खंभा करीब 4 महीने पहले टूटकर झुक गया है, जो कभी भी तेज आंधी से गिर सकता है। उनका कहना है कि अगर बिजली का खंभा गिरता है तो ये स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों, अध्यापकों या फिर राहगीरों के ऊपर गिर सकता है। जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों का कहना है कि खंभों को बदलवाने के लिए कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन किसी ने अब तक कोई ध्यान नहीं दिया है। उनका कहना है कि अगर भविष्य में कोई भी हादसा होता है तो इसके लिए बिजली विभाग के अधिकारी जिम्मेदार होंगे। वहीं, इस बारे में पुन्हाना बिजली विभाग के एसडीओ अशोक कुमार ने बताया कि खंभे बदलने के बारे में किसी ग्रामीण की ओर से कोई शिकायत नहीं मिली है। शुक्रवार को एसडीएम ने इस संबंध में आदेश दिए हैं। उनका कहना है कि जो भी खंभे टूटे या खराब हैं, उनको बदलवाने का इस्टीमेट बनाया जा रहा है। जिस खंभे से अधिक खतरा हो सकता है, उसे एक-दो दिन में बदल दिया जाएगा।
खंभे बदलने के दिए आदेश
पुन्हाना की एसडीएम मनीषा शर्मा का कहना है कि शुक्रवार को ही ये मामला उनके संज्ञान में आया हैं। बिजली विभाग के अधिकारियों को टूटे खंभों को बदलने के आदेश दे दिए हैं। अगर खंभे बदलने में लापरवाही बरती गई तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।