-संपत्ति बेचने और निवेश के बदले दुगुनी रकम लौटाने का झांसा देकर
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। सेक्टर-120 निवासी एक व्यक्ति से संपत्ति बेचने और निवेश के बदले दुगुनी रकम लौटाने का झांसा देकर उनसे कुछ लोगों 49.50 लाख रुपये की धोखाधड़ी कर ली। पीड़ित जयप्रकाश ने बताया कि 21 जून 2025 को उनकी बातचीत फोन कॉल के माध्यम से दीपक कुमार सिंह, पवन अग्रवाल और मिश्रा नामक व्यक्तियों से हुई। आरोपियों ने जयप्रकाश को यह कहते हुए झांसा दिया कि वह बैंक ट्रांसफर के बदले आधी कीमत पर संपत्ति बेच सकते हैं या निवेश की रकम को नकद में दुगुना कर सकते हैं। बातचीत उनके जानकार श्याम शर्मा निवासी बीरगंज नेपाल के माध्यम से हुई थी। आरोपियों ने जयप्रकाश और शर्मा को अपने फ्लैट पर बुलाकर प्रॉपर्टी के दस्तावेजों की फोटो कॉपी और लगभग दो करोड़ रुपये नगद दिखाए। लालच में आकर जयप्रकाश ने दिनांक 10 जुलाई 2025 को 49.50 लाख रुपये दो खातों में ट्रांसफर किए।
इसके बाद आरोपियों ने अगले दिन मिलने का समय दिया। लेकिन 11 जुलाई 2025 को जब जयप्रकाश ने संपर्क किया तो उनके फोन बंद मिले। पीड़ित जब बताए गए फ्लैट पर पहुंचा तो फ्लैट बंद था। सोसाइटी के मेंटेनेंस ऑफिस से जानकारी मिली कि उक्त फ्लैट को एक नेहा नामक ब्रोकर ने फर्जी आईडी पर किराये पर दिलवाया था, जिसका उपयोग ठगी के लिए किया जा रहा था इसी बीच 13 सितंबर 2025 को अखबारों के माध्यम से पता चला कि ठगी करने वाले आरोपी एसटीएफ नोएडा द्वारा गाजियाबाद से गिरफ्तार किए जा चुके हैं। पीड़ित ने फोटो देखकर आरोपियों की पहचान की जिनमें शुभम राज उर्फ पवन अग्रवाल, प्रदीप कुमार उर्फ दीपक कुमार सिंह, धीरज मिश्रा और सोनू कुमार शामिल हैं। वहीं, कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार का कहना है कि केस दर्ज कर जांच शुरू की है।