दादरी (संवाद)। कोतवाली दादरी क्षेत्र के अग्रसेन कॉलोनी में एक महिला पर गोली चलाकर जानलेवा हमला किया गया। घटना 2 नवंबर को दोपहर के समय हुई। पुलिस ने इस मामले में नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार मिश्रा ने बताया कि जगविंदर अपने परिवार के साथ अग्रसेन कॉलोनी में रहते हैं। वे मूल रूप से गाजियाबाद के रिस्तल गांव के निवासी हैं। घटना के दिन जगविंदर की पत्नी पूजा मकान की छत पर खड़ी थी। तभी चिटहेरा गांव निवासी संदीप भाटी वहां पहुंचा। उसने जान से मारने की नीयत से तमंचे से गोली चला दी। पूजा बाल-बाल बच गईं और गोली चलने पर शोर मचाया गया। आरोपी मौके से फरार हो गया था।
पीडि़त ने पुलिस को डायल 112 पर घटना की सूचना दी थी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और प्राथमिकी दर्ज की। पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए आरोपी संदीप भाटी को रूपवास बाईपास रोड से गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त तमंचा और कारतूस बरामद किया गए। पीड़ित धर्मेंद्र ने बताया कि आरोपी उनके प्लॉट पर जबरन कब्जा करने की नीयत से गिरोह बनाकर घूमते हैं, जिससे उन्हें जान-माल का खतरा है।