बता दें कि नोएडा में उद्योग मार्ग के अलावा रजनीगंधा से सेक्टर-15 मेट्रो स्टेशन, चिल्ला से सेक्टर-15 मेट्रो स्टेशन, न्यू अशोक नगर, उद्योग मार्ग समेत अन्य मार्गों पर कुछ देर के लिए यातायात डायवर्जन लागू रहेगा।
डीसीपी ट्रैफिक अनिल कुमार यादव के मुताबिक किसानों के दिल्ली कूच को देखते हुए गोलचक्कर चौक सेक्टर-15 से सेक्टर-6 पुलिस चौकी, संदीप पेपर मिल चौक से हरौला चौक तक मार्ग पर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। इसके अलावा गोलचक्कर चौक सेक्टर-15, रजनीगंधा चौक, सेक्ट- 6 पुलिस चौकी चौक, झुंडपुरा चौक, सेक्टर 8,10,11,12 चौक, हरौला चौक से आवश्यकतानुसार यातायात का डायवर्जन किया। वाहन चालक यातायात असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग कर सकेंगे।
गौतमबुद्ध नगर में किसानों के चार धरने चल रहे हैं। अंसल बिल्डर के खिलाफ जय जवान जय किसान संगठन धरने पर है वहीं ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के बाहर अखिल भारतीय किसान सभा की ओर से धरना जारी है। एनटीपीसी मुख्यालय सेक्टर-24 नोएडा और सेक्टर-6 पर भारतीय किसान परिषद के नेतृत्व में धरना जारी है। किसान संगठनों का कहना है कि दिल्ली कूच में बड़ी तादाद में महिलाएं और बुजुर्ग भी शामिल होंगे।