नोएडा। अधिकारियों पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए किसान संगठनों ने बृहस्पतिवार को प्राधिकरण कार्यालय और सेक्टर-14ए के गेट पर धरना दिया। सेक्टर-14ए में प्राधिकरण की सीईओ रहती हैं। किसानों ने शाम तक दोनों जगह जमकर नारेबाजी की और चेतावनी दी कि विधायक कार्यालय पर भी धरना दिया जाएगा।
भारतीय किसान परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखवीर खलीफा ने बताया कि प्राधिकरण की ओर से किसानों के ड्राफ्ट को पास करने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन 6 जनवरी तक भी बोर्ड बैठक नहीं की गई। शुक्रवार-शनिवार को चुनावी आचार संहिता लग सकती है। ऐसे में हमारा काम अधूरा रह जाएगा। इस कारण सैकड़ों महिलाएं और किसान प्राधिकरण पर प्रदर्शन करने पहुंच गए।
इधर, काफी संख्या में किसानों को देखकर अफसरों और पुलिस के हाथ-पांव फूल गए। अफसरों ने प्राधिकरण अधिकारियों से वार्ता का प्रस्ताव रखा, लेकिन किसानों ने कहा कि सीईओ से ही वार्ता करेंगे। इसके बाद पुलिस और प्राधिकरण अधिकारियों ने सीईओ रितु माहेश्वरी के साथ वार्ता कराई। काफी देर तक चली वार्ता में कई बार नोकझोंक हुई और बाद में बोर्ड बैठक पर आकर बात रुक गई। सीईओ ने किसानों को आश्वासन दिया कि शुक्रवार को बोर्ड बैठक करके मुद्दों को पास कर दिया जाएगा। इसके बाद किसान चले गए। हालांकि, किसानों ने प्राधिकरण कार्यालय पर तंबू नहीं हटाए।
वहीं, भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन खटाना और एनसीआर अध्यक्ष सुभाष चौधरी के नेतृत्व में किसान सेक्टर-14ए स्थित सीईओ के आवास को घेरने के लिए पहुंच गए, लेकिन पुलिस ने सभी को मुख्य गेट पर ही रोक दिया इसके बाद किसानों ने तंबू लगाकर धरना देना शुरू कर दिया। बाद में पुलिस और प्राधिकरण अधिकारियाें ने बोर्ड बैठक करने का आश्वासन दिया तो किसान चले गए। किसानों ने कहा कि यदि बैठक नहीं हुई तो फिर धरना देंगे।