गुलरिहा स्थित निजी अस्पताल में व्यापारी की मौके बाद हंगामा कर रहे परिजनों को समझाती पुलिस । स्
- दो घंटे तक चला हंगामा, पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया मामला
- गुलरिहा से एक निजी अस्पताल में 18 घंटे में इलाज के नाम पर 80 हजार रुपये लेने का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
गुलरिहा (गोरखपुर)। महराजगंज जिले के फरेंदा थाना क्षेत्र के व्यापारी राजीव गुप्ता (42) की शुक्रवार देर रात गुलरिहा के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। शनिवार सुबह परिजनों ने डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही और 80 हजार रुपये ऐंठने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। सूचना पर पहुंची गुलरिहा पुलिस ने दो घंटे की मशक्कत के बाद मामला शांत कराया।
फरेंदा क्षेत्र के जंगल जोगिया बारी निवासी राजीव गुप्ता स्थानीय स्तर पर व्यापार करते थे। शुक्रवार दोपहर उन्हें उल्टी और दस्त की शिकायत हुई, जिस पर परिजन उन्हें गुलरिहा क्षेत्र के मोगलहा स्थित एक निजी अस्पताल ले आए। आरोप है कि दिनभर कोई वरिष्ठ चिकित्सक मरीज को देखने नहीं आया और केवल कंपाउंडर ही इलाज करता रहा। शुक्रवार रात करीब 11 बजे गैस्ट्रो विभाग के डॉक्टर पहुंचे और मरीज को वेंटिलेटर पर रखने की जरूरत बताई। परिजन मान गए और मरीज को आईसीयू में शिफ्ट कर दिया गया।
परिजनों का कहना है कि इसके बाद डॉक्टर चले गए और देर रात मरीज की हालत नाजुक बताई गई। शनिवार सुबह करीब छह बजे परिजनों को मौत की सूचना दी गई। इस पर परिजन भड़क उठे और अस्पताल प्रशासन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगा हंगामा शुरू कर दिए। परिजनों ने आरोप लगाया गया कि 18 घंटे के इलाज के नाम पर अस्पताल प्रबंधन ने 80 हजार रुपये वसूल लिए, फिर भी मरीज को सही इलाज नहीं मिला।
हंगामे की सूचना पर गुलरिहा थाने के प्रभारी विजय प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। परिजनों ने पुलिस की मौजूदगी में अस्पताल प्रशासन से सवाल किए, लेकिन किसी ने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। लगभग दो घंटे तक माहौल तनावपूर्ण रहा। परिजनों ने लापरवाही की शिकायत मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश झा को फोन पर दी है। हालांकि मृतक के परिवार की ओर से अभी तक पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।