भीड़ वाले इलाकों के साथ प्रमुख बाजारों में पुलिस ने चौकसी बढ़ाई
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। स्कूलों में बम की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। आईजीआई एयरपोर्ट, नई व पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन, कश्मीरी गेट व आनंद विहार बस अड्डा, धौला कुआं, कनाट प्लेस, करोल बाग, चांदनी चौक, सरोजिनी नगर, लाजपत नगर में पुलिस मुस्तैदी बरत रही है।
पुलिस के अनुसार, जिस तरह सिलसिलेवार ढंग से स्कूलों से सूचना मिल रही थी, उससे आशंका थी कि कहीं शरारती तत्व मामला डायवर्ट करने की फिराक में तो नहीं हैं। अतिरिक्त सतर्कता बरतते हुए भीड़ वाली जगहों पर चौकसी बढ़ा दी गई। तमाम जगहों पर अतिरिक्त पुलिस को तैनात कर संदिग्धों पर नजर रखी जा रही है। लोगों से भी अपील की गई है कि अगर वे आसपास कुछ भी संदिग्ध वस्तु या कोई व्यक्ति देखें तो पुलिस को तुरंत सूचना दें।