- जिला प्रशासन की राजस्व टीम ने दूसरा कार्यालय भी किया सील
- सुपरसिटी डेवलपर्स पर यूपी रेरा का है करीब 5 करोड़ रुपये
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। जिला प्रशासन की टीम ने बुधवार को ग्रेनो वेस्ट में सुपरसिटी डेवलपर्स बिल्डर का दूसरा कार्यालय सील कर दिया। पिछले साल बिल्डर का सेल्स ऑफिस सील किया गया था। बिल्डर ने उत्तर प्रदेश भूसंपदा विनियामक प्राधिकरण (यूपीरेरा) का पैसा जमा नहीं किया और दूसरी जगह कार्यालय खोल लिया। जानकारी मिलने पर प्रशासन ने कार्रवाई की है। साथ ही गिरफ्तारी वारंट पर बिल्डर की तलाश शुरू कर दी है।
सुपरसिटी डेवलपर्स पर यूपी रेरा की आरसी का करीब 5 करोड़ रुपये बकाया है। बिल्डर की ग्रेनो वेस्ट के सेक्टर टेकजोन-4 में मेफेयर रेजिडेंसी नाम से प्रोजेक्ट है। पिछले साल बकाया नहीं देने पर प्रशासन ने बिल्डर का सेल्स कार्यालय दो बार सील किया था। आखिरी बार नवंबर में सील किया गया था। उसके बाद भी बिल्डर ने बकाया जमा नहीं कराया। अधिकारियों ने बताया कि बकाया जमा कराकर कार्यालय की सील खुलवाने की जगह बिल्डर ने पास में ही किराये पर दूसरा कार्यालय खोल लिया। जानकारी मिलने पर बुधवार को दादरी तहसील की राजस्व टीम मौके पर पहुंची और कार्यालय सील कर दिया है। तहसील के प्रभारी एसडीएम व तहसीलदार ओमप्रकाश पासवान ने बताया कि बिल्डर के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी है। गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही बिल्डर से आरसी का पैसा वसूलने की भी कार्रवाई की जाएगी।