नोएडा। यूपी आतंकवाद विरोधी दस्ते (एटीएस) ने सेक्टर-63 में अवैध रूप से चल रहे अंतरराष्ट्रीय टेलीफोन एक्सचेंज का खुलासा कर संचालक को गिरफ्तार किया है। एक्सचेंज कई महीनों से चलाया जा रहा था। इससे विदेशी कॉल को लोकल में बदलकर ट्रांसफर किया जा रहा था। इस मामले में कोतवाली फेज-3 में भारतीय टेलीग्राफ अधिनियम समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
पुलिस के मुताबिक, टाटा टेली सर्विसेज लिमिटेड के अधिकारियों की तरफ से यह सूचना दी गई थी कि सेक्टर-63 के 126बी में वडोदरा, गुजरात निवासी सुलेमान रशीद अली के नाम से आईटी कंपनी का कॉल सेंटर खोलने के लिए कनेक्शन दिया गया था, लेकिन इस लाइन में छेड़छाड़ कर एयरटेल और जिओ का इंटरनेट कनेक्शन जोड़कर अवैध रूप से विदेशी कॉल को लोकल कॉल दिखाकर भारत में ट्रांसफर किया जा रहा था। इससे भारत सरकार को राजस्व नुकसान के साथ-साथ देश की सुरक्षा को भी खतरा था।
सूचना के बाद एटीएस यूपी की टीम ने नोएडा पुलिस और दूरसंचार विभाग के साथ मिलकर बुधवार को कंपनी में जाकर जांच की तो पता चला कि यहां अवैध रूप से टेलीफोन एक्सचेंज चलाया जा रहा है। इसका संचालन सदरपुर सेक्टर-45 निवासी बिट्टू कुमार कर रहा था जो मूलरूप से शिवहर, बिहार का रहने वाला है। मुख्य संचालक हारून ठेकेदार है जो नोएडा से दूर कहीं ओर बैठा है। पुलिस ने राउटर, सीपीयू, मॉनिटर समेत अन्य सामान बरामद किया है।