-उपस्थिति पूरी करने के लिए दो सप्ताह की कक्षाएं लेंगे छात्र
-परीक्षा की नई तिथियां जल्द जारी की जाएंगी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय में एलएलबी एंड टर्म परीक्षाएं छात्रों की कम उपस्थिति के कारण स्थगित की गई। अब यह छात्र उपस्थिति के नुकसान की भरपाई के लिए दो सप्ताह की कक्षाएं लेंगे। जिसके बाद परीक्षा की नई तिथियां जारी कर दी जाएंगी। मालूम हो कि दिल्ली विश्वविद्यालय में चार जुलाई से एलएलबी की दूसरे, चौथे व छठे टर्म की परीक्षाएं शुरू होनी थी। लेकिन परीक्षा शुरू होने से एक दिन पहले इन्हें स्थगित करने का नोटिस दिया गया।
नोटिस में कहा गया था कि कुलपति के आदेशानुसार परीक्षाओं को स्थगित किया गया है। क्रांतिकारी युवा संगठन (केवाईएस) ने डीयू के परीक्षा स्थगित करने के निर्णय पर आपत्ति जताते हुए कहा कि परीक्षा शुरू होने से कुछ घंटे पहले परीक्षा को अचानक रद्द कर दिया गया, जिससे एलएलबी छात्रों में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया। केवाईएस के अनुसार रिपोर्ट के अनुसार कुलपति ने छात्रों की कम उपस्थिति को स्थगन का कारण बताया और छात्रों से कहा गया है कि वे दो सप्ताह की कक्षाएं पूरी करके अपनी उपस्थिति पूरी करें। केवाईएस ने कहा कि यदि उपस्थिति असल कारण होता तो परीक्षा शुरू होने से कुछ घंटे पहले नहीं समय रहते नोटिस जारी किया जाता।
अवकाश की योजनाओं पर पड़ेगा असर
विवि का यह कदम उन छात्रों के लिए परेशानी है जिन्होंने एलएलएम के लिए प्रवेश परीक्षाएं दी हैं क्योंकि अचानक परीक्षा स्थगित होने के कारण परिणामों में देरी होगी, जिससे प्रवेश प्रक्रिया में समस्याएं आने की संभावना है। इससे कई छात्रों के छुट्टियों की योजनाओं पर भी असर पड़ा है जिन्होंने मूल परीक्षा की तारीखों के आधार पर टिकट समेत घर लौटने की तैयारी की थी। केवाईएस ने कहा कि परीक्षाओं को जल्द से जल्द पुनर्निर्धारित करना चाहिए।