फोटो 35 : पूर्व विधायक नैना चौटाला से मिलते दिव्यांग कृष्ण कुमार। विज्ञप्ति
फोटो 36 : कृष्ण कुमार के पैर पर हाइड्रोलिक पैर लगाकर दिखाते वरिष्ठ चिकित्सक व हलकाध्यक्ष विजय श्योराण। विज्ञप्ति
संवाद न्यूज एजेंसी
बाढड़ा। पूर्व विधायक नैना सिंह चौटाला ने सड़क हादसे से पीड़ित भांडवा गांव के 25 वर्षीय कृष्ण कुमार को अपने निजी कोष से पांच लाख रुपये की सहायता प्रदान करते हुए हाइड्रोलिक पैर लगवाया है। इससे वह दोबारा अपने पैरों पर खड़ा हो सका है।
गांव भांडवा निवासी कृष्ण 19 अप्रैल 2025 को अपनी बहन के साथ मोटरसाइकिल से लोहारू जा रहा था। इसी दौरान गागड़वास के पास वह हादसे का शिकार हो गया। हादसे में कृष्ण का एक पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिसे बाद में काटना पड़ा। उसकी बहन को भी गंभीर चोटें आई थीं।
कृष्ण के पिता सुरेश की 2023 में कैंसर से मौत हो चुकी है। घर में अब केवल वृद्ध मां और बहन ही परिवार का सहारा हैं। हादसे की जानकारी मिलते ही पूर्व विधायक नैना सिंह चौटाला ने कृष्ण के घर जाकर मुलाकात की और उसे कृत्रिम पैर लगवाने का आश्वासन दिया।
पूर्व विधायक के दिशा-निर्देश पर हलका अध्यक्ष विजय श्योराण काकड़ोली कृष्ण को दिल्ली के अस्पताल लेकर गए, जहां करीब पांच लाख रुपये की लागत से हाइड्रोलिक पैर लगाया गया। पूरा खर्च नैना चौटाला ने स्वयं वहन किया।
नैना चौटाला ने कहा कि जब उन्होंने कृष्ण का हाल देखा तो मन में बस यही भावना आई कि यह बेटा फिर से अपने पैरों पर खड़ा होना चाहिए। अगर उनके छोटे से सहयोग से किसी के जीवन में आशा लौटे, तो यही उनके लिए सबसे बड़ी खुशी है।