ग्रेटर नोएडा। अल्फा-2 सेक्टर निवासी मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के चचेरे भाई-भाभी नरेंद्र नाथ (74) और सुमन नाथ (62) की हत्या और लूटपाट में शामिल दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर वारदात का खुुलासा कर दिया है। नरेंद्र के घर में नॉनवेज बनाने-शराब पार्टी, बाइक खड़ी करने व दो लाख रुपये उधार लेने वाले रोहित ने ही वारदात की साजिश रची थी। रोहित ने साथियों को बताया था कि बुजुर्ग दंपती अकेले रहते हैं। उनके पास मोटी रकम व आभूषण मिलेंगे। इस कारण वह रोहित के साथ वारदात को तैयार हो गए।
डीसीपी राजेश कुमार सिंह और एडिशनल डीसीपी विशाल पांडे ने बताया कि रोहित ने तीन साथियों विशन भदौरिया, देव शर्मा और सुभाष के साथ दंपती की हत्या व लूटपाट की थी। मुठभेड़ में विशन गोली लगने से घायल हुआ है जबकि देव शर्मा को कॉबिंग में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस रोहित व सुभाष की तलाश कर रही है। वहीं, वारदात का खुलासा करने वाली टीम को पुलिस कमिश्नर ने 50 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की है। आरोपियों से लूटे गए 13 हजार रुपये, दस्तावेज, आभूषण, चोरी की बाइक व तमंचा आदि बरामद किया गया है।
डीसीपी ने बताया कि पुलिस टीम को सीडीआर, सर्विलांस व संदिग्ध आरोपियों से पूछताछ में ठोस सुराग मिले थे। रविवार को आरोपी विशन और देव बाइक पर ग्रेनो के एक अधिवक्ता से कोर्ट में सरेंडर के लिए संपर्क करने जा रहे थे। इसी दौरान एटीएस गोलचक्कर के पास पुलिस ने उनकी घेराबंदी की तो आरोपियों ने गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में विशन के पैर में गोली लग गई। जबकि देव को पुलिस ने पीछाकर दबोच लिया। बदमाशों ने पूछताछ में बताया कि नरेंद्र के घर में रोहित बाइक खड़ी करता था। वह बाइक चोरी भी किया करता था। कई बार बाइक गिरवी रखकर उसने नरेंद्र से पैसे भी लिए थे। इसके अलावा वह उधार के दो लाख रुपये नरेंद्र को नहीं दे पा रहा था। उसका घर में आना जाना सुमन को पसंद नहीं था। सुमन ने एक दो बार उसे फटकार लगाकर भी भगाया था। रोहित और सुभाष नवादा गांव में रह रहे थे।
ऐसे रची साजिश और मार डाला
रोहित ने ग्रेनो में ही रह रहे मूलरूप से मध्यप्रदेश के भिंड जिले के चौमुह गांव निवासी विशन के साथ मिलकर वारदात की साजिश रची। इसमें दोनों ने ग्रेनो में ही रह रहे महोबा के नरवारा निवासी सुभाष और भिंड जिले के सिलौली निवासी देव शर्मा को शामिल किया। पहले रोहित और विशन दंपती के घर साढ़े सात बजे पहुंचे, लेकिन नरेंद्र नहीं मिले। इसके बाद वह साढ़े आठ बजे पहुंचे और नरेंद्र के साथ पार्टी करने लगे। साढ़े नौ बजे चाऊमीन आदि लेने के बहाने बाहर आकर वह सुभाष और देव को भी अंदर ले आए। इसके बाद आरोपियों ने पहले नरेंद्र की गला दबाकर फिर सुमन की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपियों ने उनके घर को खंगाल कर रख दिया। आरोपी नकदी, आभूषण, डेबिट कार्ड, मोबाइल, जरूरी दस्तावेज आदि सभी लूटकर ले गए।
डेबिट कार्ड का पिन नरेंद्र ने गलत बताया
आरोपियों ने बेसमेंट में नरेंद्र से डेबिट कार्ड का पिन पूछने के लिए मारपीट की। नरेंद्र ने सही पिन न बताकर गलत पिन 1717 बता दिया। कैब में ग्वालियर जाने के दौरान आरोपियों ने आगरा में ईंधन डलवाया। इसी दौरान आरोपियों ने डेबिट कार्ड से रुपये निकालने का प्रयास किया। रुपये नहीं निकलने पर आरोपियों ने कार्ड तोड़ दिया।
ओयो में रुके, मोबाइल तोड़कर फेंके, कैब से पहुंचे ग्वालियर
आरोपियों ने वारदात के बाद दंपती और रोहित ने अपने मोबाइल तोड़कर सिटी पार्क व डेल्टा मेट्रो स्टेशन के पास मेनहोल में फेंक दिए। इसके बाद आरोपी साकीपुर के पास ओयो ब्लैक बार्ड होटल में रुके। आरोपियों ने अफरोज की कैब 5500 में बुक की और ग्वालियर पहुंच गए।
पुलिस की हिरासत में आरोपी देव शर्मा।- फोटो : Grnoida