माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। सिवाह गांव में भाकियू के जिला उपप्रधान सुमित को गोली मारने के आराोपियों का 48 घंटे बाद भी पता नहीं लग पाया। सीआईए की तीन टीमों समेत थाना पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की कार को ट्रेस करने में जुटी है। साथ ही आरोपी जितेंद्र के ठिकानों पर भी दबिश दी गई। लेकिन अभी तक पुलिस के हाथ कोई ठोस सफलता नहीं लगी। परिजनों ने सोमवार को डीएसपी मुख्यालय से मुलाकात की। उन्होंने आश्वासन दिया है कि जल्द हमलावरों को गिरफ्तार किया जाएगा। उधर, सुमित की हालत में कुछ सुधार है। दिल्ली से आए एक्सपर्ट चिकित्सकों ने भी उनकी मेडिकल जांच की।
सोमवार को कार सवार हमलावरों ने थाना सेक्टर-29 क्षेत्र के सिवाह गांव में पहुंचकर सुमित को घर से बाहर बुलाकर गोली मारी थी। गोली मारने से पहले विदेशी नंबर से सुमित के पास एक कॉल की गई थी। कॉल करने वाले ने मिलने की बात कही थी। फोन आने के कुछ देर बाद उन पर गोली चला दी गई थी। परिजनों ने पहले जमीन विवाद में फायरिंग होने का शक जाहिर किया था। पुलिस ने जितेंद्र नाम के एक हमलावर और उसके साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। लेकिन जांच में मामला जमीन से जुड़ा हुआ नहीं मिला था। इसके बाद पुलिस अन्य बिंदुओं जांच शुरू कर दी। एसपी ने हमलावरों की तलाश के लिए थाना पुलिस के साथ साथ सीआईए की तीनों टीमों को लगाया है।
हमलावरों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। कार को ट्रेस करने के लिए पुलिस टीमों ने जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे में भी खंगाले। एक दो स्थानों पर कार फुटेज में नजर आई। जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद सोनीपत की ओर फरार हुए हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
अधिकारियों से मिले परिजन
बुधवार को घायल सुमित के पिता व अखिल भारतीय जाट महासभा के प्रधान गुरदेव कुछ लोगों के साथ एसपी कार्यालय पहुंचे। जहां पर उनकी एसपी से मुलाकात नहीं हो सकी। इसके बाद उन्होंने डीएसपी मुख्यालय सतीश वत्स से मुलाकात की। डीएसपी ने जल्द हमलावरों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया।
- हमलावरों की तलाश में सीआईए की टीमों को लगाया गया है। कुछ सुराग हाथ लगे हैं।
- सतीश वत्स, डीएसपी मुख्यालय