-राजौरी गार्डन के सुभाष नगर इलाके की घटना
-3 गाड़ियों ने कुछ ही समय में आग पर पाया काबू
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। राजौरी गार्डन के सुभाष नगर इलाके में शनिवार सुबह एक इमारत में आग लगने से हड़कंप मच गया। आग मुख्य दरवाजे के पास लगे बिजली के मीटर में लगी थी। आग लगते ही इमारत की ऊपर की मंजिल में धुआं फैल गया और कुछ लोग वहां फंस गए। आग लगने की जानकारी मिलते ही आस पड़ोस के लोग वहां पहुंचे और इमारत में फंसे परिवार वालों को सुरक्षित बाहर निकाला। मौके पर पहुंची दमकल की दो गाड़ियों ने कुछ देर में आग पर काबू पा लिया।
सुंदर छाबड़ा सपरिवार सुभाष नगर ब्लॉक एक में रहते हैं। शनिवार सुबह 7.50 बजे वह परिवार के साथ अपने घर में थे। इसी दौरान उनलोगों ने इमारत में धुआं निकलते देखा। पता चला कि घर के मुख्य दरवाजे पर लगे बिजली के मीटर में आग लगी थी। लेकिन देखते ही देखते धुएं का गुब्बार ऊपर की मंजिल में फैल गया। शोर शराबा होते ही उनके पड़ोसी वहां पहुंच गए और उनलोगों ने धुआं में फंसे परिवार के सदस्यों को बाहर निकाला। इसी दौरान सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने तीन गाड़ियों की मदद से कुछ देर में आग पर काबू पा लिया। दमकल अधिकारियों ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि बिजली के मीटर में शॉर्ट सर्किट होने से आग लगी थी। आग मामूली थी, जिसे बुझा दिया गया है। हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ है। पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।