दूसरे दिन भी हड़ताल पर रहे विद्युतकर्मी, व्यवस्था चरमराई
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। विद्युतकर्मियों की हड़ताल शनिवार को भी जारी रही। कर्मचारी कामकाज छोड़कर सेक्टर-20 स्थित ट्रांसमिशन लाइन के उपकेंद्र परिसर में धरने पर बैठे रहे। हड़ताल के 24 घंटे बाद ही विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था पूरी तरह से चरमराने लगी। बारिश के कारण स्थिति और ज्यादा बिगड़ गई। शनिवार को पूरे दिन जिला प्रशासन व बिजली विभाग की टीम तकनीकी खामियों को दूर करने के लिए दौड़ लगाती रही। इधर विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तरह हड़ताल पर गए कर्मचारियों व समिति के संयोजक धनंजय शर्मा ने कहा कि अभी तक सरकार के साथ किसी भी प्रकार की सहमति नहीं बन पाई है। संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने 72 घंटे के बाद जेल भरो आंदोलन शुरू करने व अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की भी चेतावनी दी है। कुशल कर्मचारियों व इंजीनियरों के हड़ताल पर जाने के कारण मरम्मत कार्य व लोकल फाल्ट को भी दूर करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
अस्थायी कंट्रोल रूम का नंबर जारी
विद्युत निगम के कंट्रोल रूम के नंबर पर बिजली कटौती को लेकर लगातार शिकायतें आ रही हैं। इसमें दादरी के लुहारली, रघुपूरा और सेक्टर-110 से सबसे अधिक बिजली कटौती की शिकायतें आई हैं। उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए अस्थायी कंट्रोल रूम का नंबर 0120-2970605 जारी किया गया है। वहीं बिजली कटौती की शिकायत दर्ज कराने के लिए 0120-2970431 नंबर जारी किया गया है। दोनों कंट्रोल रूम सेक्टर-18 बिजली दफ्तर से संचालित हो रहे हैं।
हाजिरी लगाकर कर्मचारी गायब
हड़ताल के कारण व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने 79 लोगों की टीम को विभिन्न बिजली घरों पर तैनात किया है। शनिवार को सेक्टर-23, सेक्टर-53 और सेक्टर-25 सब स्टेशन पर संविदाकर्मी डयूटी पर तैनात मिले। पूछताछ करने पर पता चला कि जिला प्रशासन द्वारा तैनात किए गए पदाधिकारी चार्ज लेकर चले गए। बिजली सब स्टेशनों को संविदाकर्मियों के भरोसे छोड़ दिया गया है।