सेक्टर-122 स्थित मकान के कमरे में आग लग गई। धुएं से दम घुटने से मूलरूप से कोलकाता निवासी विप्लव कुमार मित्रा (70) की मौत हो गई। मंगलवार रात हुए घटनाक्रम की जानकारी परिवार के लोगों को नहीं लगी। परिजन दूसरे कमरे में सोते रहे। बुधवार सुबह परिजनों को इसकी जानकारी मिली। जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया।
कोतवाली सेक्टर-113 पुलिस और फॉरेंसिक की टीम ने घटनास्थल का मुयाअना कर मामले की जांच शुरू कर दी है। बुधवार की सुबह डायल-112 पर सेक्टर-122 के डी ब्लॉक में कमरे में आग लगने की वजह से वृद्ध की मौत की सूचना मिली।
पुलिस की प्राथमिक जांच में पता चला है कि विप्लव दो बेटों के साथ सेक्टर-122 के डी ब्लॉक के मकान में किराये पर रहते थे। बुधवार सुबह पत्नी उनके कमरे में पहुंची। वहां कुछ सामान जला हुआ था और विपुल बिस्तर पर मृत अवस्था में पड़े हुए थे। काफी समय से बीमार चल रहे विप्लव घर में बने सर्वेंट रूम में रहते थे। यह कमरा घर में बाहर की तरफ बना हुआ है। शुरुआती जांच में पता चला कि मंगलवार की देर रात को किसी वजह से कमरे में रखे सामान में आग लग गई। जिसका धुंआ पूरे कमरे में भर गया और दम घुटने से बुजुर्ग की मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दम घुटने से बुजुर्ग की मौत
कोतवाली फेज टू क्षेत्र के निम्मी विहार निवासी करीब 60 वर्षीय बुजुर्ग की कमरे में दम घुटने से मौत हो गई है। कमरे में गद्दा जला हुआ मिला। कोतवाली फेज टू पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हालांकि उनकी शिनाख्त नहीं हुई है।
कोतवाली प्रभारी के मुताबिक निम्मी विहार निवासी के कमरे में रात में गद्दे में आग लग गई। गद्दा पूरी तरह नहीं जला लेकिन कमरे में धुआं भर गया। बुजुर्ग निम्मी विहार के खाली पड़े प्लॉट में बने एक कमरे में रहते थे। स्थानीय लोगों ने बताया कि बुजुर्ग आसपास मजदूरी के बाद शाम को प्लॉट में बने कमरे में जाकर सो जाते थे।