ग्रेटर नोएडा। ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र स्थित केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) शिविर में चल रही दिल्ली पुलिस व केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) की शारीरिक परीक्षा में फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है। अलवर निवासी एक युवक ने लिखित परीक्षा दी थी, लेकिन शारीरिक दक्षता परीक्षा देने उसका बड़ा भाई पहुंच गया। जांच में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
ईकोटेक-3 थाना प्रभारी भुवनेश गौतम ने बताया कि दरोगा भर्ती के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा सुत्याना गांव के पास स्थित सीआईएसएफ स्पेशल सिक्योरिटी ग्रुुप (एसएसजी) शिविर में चल रही है। अलवर निवासी रवि कुमार ने लिखित परीक्षा दी थी, लेकिन बुधवार को उसके स्थान पर शारीरिक दक्षता परीक्षा देने बड़ा भाई राहुल मीणा पहुंच गया। अधिकारियों ने जांच की तो पता चला कि लिखित परीक्षा देने वाले अभ्यर्थी से राहुल का हस्तलेखन मेल नहीं खा रहा था। गहनता से जांच के लिए प्रवेश पत्र के फोटो की जांच की गई तो उसमें भी अंतर मिला।
पूछताछ करने पर रवि कुमार ने छोटे भाई के बदले शारीरिक परीक्षा देने आने की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस राहुल को गिरफ्तार कर केस दर्ज किया है। आरोपी के पास से फर्जी आधार कार्ड व मोबाइल बरामद किया गया है।
लिखित परीक्षा दूसरे ने दी, शारीरिक दक्षता में खुद पहुंचा तो गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, सोनीपत निवासी एक अभ्यर्थी शारीरिक दक्षता परीक्षा देने पहुंचा था जबकि उसकी जगह किसी अन्य ने लिखित परीक्षा दी थी। शेखर देशवाल शारीरिक दक्षता के दस्तावेज का लिखित परीक्षा देने वाले से मिलान नहीं हुआ। अधिकारियों के सूचना देने पर ईकोटेक-3 थाना पुलिस ने शेखर को गिरफ्तार कर लिया।
इन धाराओं में दर्ज किया गया केस
मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों पर आईपीसी की धारा 417, 419, 420, 120-बी, उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम-1998 की धारा 3, 6, 9, 10 के अंतर्गत केस दर्ज किया है।
पकड़ा गया आरोपी राहुल। - फोटो : Grnoida