केंद्र व भाजपा के खिलाफ नारेबाजी, पुलिस ने आप विधायकों सहित कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया
आवास के बाहर भारी संख्या में सुरक्षा बल तैनात, अभी ईडी के अधिकारी सीएम आवास में मौजूद
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली हाईकोर्ट से मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को राहत नहीं मिलने के बाद बृहस्पतिवार देर रात प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम तलाशी लेने के लिए सीएम आवास पर पहुंच गई। इसकी सूचना मिलने पर आम आदमी पार्टी के कई विधायकों समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता सीएम आवास पहुंच गए और हंगामा करने लगे। इस दौरान ईडी और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की गई। हंगामा बढ़ने पर मौके पर तैनात पुलिस बल ने विधायकों समेत कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। इधर, आप की लीगल टीम देर रात सुप्रीम कोर्ट पहुंच गई।
इससे पहले दिल्ली सरकार के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने सीएम आवास के बाहर कहा कि केजरीवाल का फोन नहीं लग रहा है। हमें लगता है कि उनका मोबाइल जब्त कर लिया गया है। भारी संख्या में सुरक्षा बल तैनात कर दिया गया है। मुझे अंदर जाने की इजाजत नहीं दी गई। वहीं, जांच करने पहुंचे अधिकारियों ने सूचना दी कि उनके पास केजरीवाल के परिसरों पर छापा मारने के लिए तलाशी वारंट है।
केजरीवाल को गिरफ्तार किया जा सकता है, विचारों को नहीं: गोपाल
मंत्री गोपाल राय ने कहा कि बृहस्पतिवार को केजरीवाल की याचिका पर ईडी को नोटिस जारी किया गया है। इसका जवाब ईडी को 22 अप्रैल को देना है। जब अदालत में मामला विचाराधीन है, तो ऐसी क्या जल्दी थी कि आननफानन में दो घंटे के अंदर जांच एजेंसी केजरीवाल को गिरफ्तार करने घर आ गई। किसी भी कीमत पर केजरीवाल को गिरफ्तार करने की पीएम की बेचैनी ये दिखाती है कि देश में मोदी बस केजरीवाल से डरते हैं, लेकिन केजरीवाल को गिरफ्तार किया जा सकता है उनके विचारों को नहीं।
केजरीवाल के खिलाफ बड़ी साजिश : राघव
राज्यसभा सांसद राघव चड्डा ने कहा कि लोकसभा चुनावों से ठीक पहले केजरीवाल के खिलाफ बड़ी साजिश चल रही है। केजरीवाल के साथ करोड़ों लोगों का आशीर्वाद है, दिल्ली और पंजाब में हुए शानदार कामों की चर्चा पूरी दुनिया में हो रही है।
पूरी दिल्ली व देश केजरीवाल के साथ : मालीवाल
राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने कहा कि दिल्ली में विश्वस्तरीय शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली-पानी की सुविधा देने वाले मुख्यमंत्री को दो साल से चल रहे एक केस में चुनाव से ठीक पहले गिरफ्तार करना राजनीतिक साजिश है। पूरी दिल्ली व देश केजरीवाल के साथ है।
सोच को कैद नहीं कर सकती ईडी : मान
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा की राजनीतिक टीम ईडी केजरीवाल की सोच को कैद नहीं कर सकती। आप ही भाजपा को रोक सकती है। उनकी सोच को कभी भी दबाया नहीं जा सकता।