प्रवर्तन निदेशालय ने नोएडा स्थित रियल एस्टेट कंपनी सुपरटेक में बुधवार को मनी लॉन्ड्रिंग से संबंधित मामले में छापा मारा। जानकारी के अनुसार सुपरटेक के कई ठिकानों और प्रोमोटर आरके अरोड़ा के घर में छापेमारी की गई है।
छापेमारी कर ईडी की टीम बिल्डर से पूछताछ कर रही है। कई घंटों से बिल्डर के कार्यालय में जांच पड़ताल जारी है। सुपरटेक बिल्डर का दफ्तर नोएडा के सेक्टर-96 स्क्वॉयर टावर की 22वीं मंजिल पर है। जहां बुधवार सुबह करीब आठ बजे ईडी की टीम अचानक सुपरटेक बिल्डर के दफ्तर में पहुंची। अभी भी पूछताछ चल रही है।
ईडी की टीम सबूतों की कड़ियां जोड़ने की कोशिश कर रही है। सुपरटेक ट्विन टावर निर्माण में नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों और बिल्डर की भूमिका संधिग्ध पाए जाने पर एसआईटी ने जांच की थी।
घपला में सुपरटेक के अधिकारी भी शामिल
इससे पहले नोएडा सुपरटेक लिमिटेड और नोएडा अथॉरिटी की मिलीभगत से किए गए घपले में एसआईटी की रिपोर्ट शासन को सौंपे जाने के बाद विजिलेंस ने एफआईआर दर्ज कर ली थी। इसमें नोएडा अथॉरिटी के पूर्व सीईओ समेत 30 लोगों को नामजद किया गया है। इनमें अथॉरिटी के तत्कालीन और सुपरटेक के अधिकारी भी शामिल हैं। घपले में नोएडा अथॉरिटी और सुपरटेक के अधिकारियों की मिलीभगत के सुबूत मिले हैं।
जांच में पता चला है कि सुपरटेक ने नियमों की अनदेखी की है। वहीं, नोएडा अथॉरिटी के अधिकारियों ने बिल्डर को अनुचित आर्थिक लाभ दिलाने के लिए नियमों के विपरीत काम किया। सुपरटेक की कमियों को नजरअंदाज करते हुए अवैधानिक निर्माण को जारी रखने में सहयोग दिया।