माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की एनआरआई हाउसिंग लोन धोखाधड़ी मामले में जांच पड़ताल दूसरे दिन भी जारी रही। जांच का दायरा अब बढ़ा दिया गया है। ईडी की टीमें कुछ और नए बिल्डर ठिकानों तक पहुंच गई हैं।
एनआरआई के नाम पर हाउसिंग लोन में कथित धोखाधड़ी और मनी लॉन्ड्रिंग के मामलों की गहराई से पड़ताल की जा रही है। शुरुआती ठिकानों पर छापेमारी के बाद अब जांच की आंच अन्य संदिग्ध बिल्डरों तक पहुंच गई है। उनसे जुड़े ठिकानों पर भी छानबीन की जा रही है। इन परिसरों में दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है। ईडी की टीमें शहर में दो बिल्डरों के ठिकानों से बढ़कर चार बिल्डरों के ठिकानों तक पहुंची हैं। एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि इस पूरी धोखाधड़ी में कौन-कौन से बिल्डर और इकाइयां शामिल थीं। साथ ही, इसमें कुल कितने अवैध लेनदेन किए गए हैं। अभी आधिकारिक तौर पर निदेशालय की तरफ से जांच में सामने आए तथ्यों के बारे में कोई सूचना नहीं जारी की गई है।