-सोशल मीडिया से लेकर हॉस्टल में प्रचार करने पहुंच रहे छात्र संघ पदाधिकारी व प्रत्याशी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। जी-20 शिखर सम्मेलन के कारण बीते दिन से कॉलेज बंद थे। सम्मेलन का समापन होने के बाद सोमवार से फिर दोबारा दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) के कॉलेज खुलेंगे। ऐसे में दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) का जो प्रचार थमा था, वह अब पीक पर पहुंचेगा। एबीवीपी से लेकर एनएसयूआई समेत विभिन्न छात्र संगठन दोबारा से चुनावी मैदान में उतरेंगे। यही नहीं अलग-अलग कॉलेजों में जाकर उम्मीदवार छात्रों की परेशानी सुनेंगे और उनके सामने अपनी बात व वादे भी रखेंगे। बता दें डूसू के उम्मीदवारों के नामांकन करने की अंतिम तिथि को बढ़ा दिया है। पहले यह तिथि 12 सितंबर थी, अब नामांकन करने की अंतिम तिथि को 14 सितंबर कर दिया गया है। नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 15 सितंबर है। इससे पहले यह तिथि 13 सितंबर तय की गई थी।
-
सोशल मीडिया में जारी रखा प्रचार
सम्मेलन को लेकर कॉलेज बंद थे। ऐसे में प्रमुख दलों के उम्मीदवार ने अपना प्रचार सोशल मीडिया में जारी रखा हुआ था। वह वहां कॉलेज छात्र समूह के जरिए अपनी बात पहुंचा रहे थे। यही नहीं कई उम्मीदवार तो छात्रों के हॉस्टल व पीजी में भी जाकर अपना प्रचार कर रहे थे। ऐसे में वह आगे भी सोशल मीडिया में चुनावी कैंपेन तो चलाएंगे ही साथ में चुनावी मैदान में अपना दबदबा भी दिखाएंगे।
छात्र संगठनों ने बनाई रणनीति
चुनाव को लेकर प्रमुख छात्र संगठनों ने अपनी नई चुनावी रणनीति बनाई है। जिसमें वह छात्र कार्यकर्ताओं के जरिए कम समय में अधिक से अधिक छात्रों के पास पहुंच सकते हैं। उन्होंने छात्रों के ऐसे बैठक स्थलों की पहचान की है, जहां छात्र अधिक संख्या में रहते हैं। संगठनों ने ऐसी सूची बनाई है कि उन्हें सीमित समय में अधिक छात्रों के सामने अपनी बात रखने का मौका मिले।