कहासुनी पर दो समुदाय में चले लाठी डंडे, पथराव
-जारचा कोतवाली क्षेत्र के जैतवारपुर प्यावली गांव की घटना, 13 नामजद समेत 50 अन्य पर केस
दादरी (संवाद)। जारचा कोतवाली क्षेत्र के जैतवारपुर प्यावली गांव में मामूली बात को लेकर दो समुदाय के बीच मारपीट और पथराव हो गया। दोनों पक्षों से तीन लोग घायल हुए हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराया। पुलिस ने दोनों तरफ से 13 नामजद और 50 अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने बताया कि जारचा कोतवाली क्षेत्र के जैतवारपुर प्यावली निवासी दीपक और संदीप जा रहे थे। तभी गांव के ही नसीबू से कहासुनी हो गई। मामला इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों से लोग लाठी डंडे लेकर निकल आए और मारपीट शुरू हो गई। आरोप है एक पक्ष के लोग मकान की छतों पर चढ़कर पथराव करने लगे। जबकि दूसरे पक्ष के लोगों ने सड़क से पथराव किया। सूचना पर भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। मामला शांत कराने के बाद पुलिस ने घायल नसीबू, हसीन समेत तीन लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया। एनटीपीसी पुलिस चौकी प्रभारी ने दोनों पक्षों की तरफ से विनोद, निशांत, कृष्णा, दीपक, संदीप, कुलदीप, नसीबू, नईम, हसीन, वसीम, मेहताब, मोहसिन, आदिल के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने विनोद, निशांत, वसीम, नईम, नसीबू, मेहताब और हसीन को गिरफ्तार कर लिया है।