- बृहस्पतिवार को ग्रेटर नोएडा में तेज आंधी के साथ बारिश से मौसम हुआ सुहाना
- कई इलाकों में बाधित रही बिजली आपूर्ति, सड़कों पर जलभराव से हुई परेशानी
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। लू व तेज धूप की मार सह रहे शहर के लोगों को बारिश ने राहत दी है। बृहस्पतिवार दोपहर में तेज हवा के साथ झमाझम बारिश हुई। जिससे मौसम खुशनुमा हो गया। हालांकि बारिश से पहले धूल भरी आंधी ने परेशान किया, लेकिन बारिश ने धूल को खत्म कर दिया। करीब 30 मिनट तक बारिश हुई। बारिश के बाद शहर के लोगों को जलभराव और बिजली आपूर्ति बाधित होने की समस्या का सामना करना पड़ा। देर शाम तक सभी इलाकों में आपूर्ति सामान्य हो सकी।
बृहस्पतिवार सुबह तेज धूप के कारण लोग गर्मी से बचते दिखे, लेकिन दोपहर 3 बजे के करीब मौसम ने करवट ली और आसमान पर बादल छा गए। कुछ देर बार धूल भरी आंधी ने लोगों को परेशान किया। तेज आंधी की वजह से दोपहर में ही अंधेरा छा गया। ग्रेटर नोएडा के आसमान में धूल छाई हुई थी। लेकिन बारिश ने धूल को खत्म कर दिया। तेज बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दी। इकोटेक तीन, सूरजपुर कस्बा, तिलपता रोड के साथ शहर के गोल चक्करों पर जलभराव से यातायात प्रभावित रहा।
गर्मी और नमी से बनते है गरजने वाले बादल : मौसम विशेषज्ञ महेश पलावत ने बताया कि साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण बारिश हो रही है। जो प्री-मानसून बारिश है। उन्होंने बताया कि गर्मी और नमी के कारण गरजने वाले बादल बन जाते है। 3 और 4 मई को फिर से बारिश होने की उम्मीद हैं।