नोएडा में 200 करोड़ रुपये से अधिक के ड्राई फ्रूट फर्जीवाडे़ में सरगना समेत 7 आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की है। आरोपियों ने देशभर के हजारों लोगों से ठगी की थी। एडीसीपी रणविजय सिंह ने बताया कि सरगना मोहित गोयल, ओमप्रकाश जांगिड़, आकाशदीप शर्मा उर्फ हैरी, पंकज प्रकाश, अमरजीत, सुमिता नेगी और सत्तन यादव के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की है।
आरोपियों के खिलाफ कोतवाली सेक्टर-58 में एक दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। इसके अलावा नोएडा, गाजियाबाद गुरुग्राम, बरेली समेत देश के कई राज्यों में ठगी के केस दर्ज हैं। पिछले साल इन आरोपियों ने सेक्टर-62 के आइथम टावर में एक कंपनी खोलकर देशभर के लोगों को प्रचार किया था कि वह ड्राई फ्रूट का कारोबार करते हैं।
इसमें पैसे लगाकर अच्छा मुनाफा मिल सकता है। कई राज्यों के लोगों से संपर्क किया और 200 करोड़ रुपये से अधिक ठग लिए। वर्ष 2021 में कोतवाली सेक्टर 58 पुलिस ने इस मामले का खुलासा किया था और आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पुलिस पूछताछ में पता चला था कि मामले में मुख्य सरगना मोहित गोयल है, जो पहले भी कई ठगी की घटनाएं कर चुका है।